BJP ने जारी की नई प्रभारी सूची, स्मृति ईरानी से विनोद तावड़े तक बड़ी जिम्मेदारियां

Wed 23-Sep-2026,03:59 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

BJP ने जारी की नई प्रभारी सूची, स्मृति ईरानी से विनोद तावड़े तक बड़ी जिम्मेदारियां BJP State Incharges
  • BJP ने 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों के लिए नई सूची जारी की।

  • स्मृति ईरानी, सुनील बंसल और विनोद तावड़े को अहम जिम्मेदारियां मिलीं।

  • बिहार में हरीश द्विवेदी को पार्टी का नया प्रभारी बनाया गया।

Delhi / New Delhi :

New Delhi / भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की सूची जारी की है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से घोषित इस सूची में 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं। कई वरिष्ठ नेताओं को एक से अधिक राज्यों की जिम्मेदारी भी दी गई है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होने की जानकारी सामने आई है।

नई सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। वहीं सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया गया है। तावड़े को अगस्त में ही उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी और अब नई व्यापक सूची में भी उनका नाम यूपी प्रभारी के तौर पर शामिल है।

राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ उत्तराखंड में बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। सतीश पूनिया को पंजाब और जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया गया है। हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक का प्रभार मिला है। गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुघ को दी गई है।

दिल्ली में डॉ. विनय सहस्रबुद्धे को प्रभारी नियुक्त किया गया है। जमयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शना जरदोश को दिल्ली में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। अनिल एंटनी को नागालैंड का प्रभारी और गोवा का सह-प्रभारी बनाया गया है।

मध्य प्रदेश का प्रभार बिप्लव कुमार देब को दिया गया है, जबकि भारती पवार को गोवा का प्रभारी बनाया गया है। ओडिशा की जिम्मेदारी डी. पुरंदेश्वरी को और मणिपुर का प्रभार राजीव रॉय को सौंपा गया है। राजस्थान में संजय भाटिया को प्रभारी बनाया गया है, जबकि महाराष्ट्र की जिम्मेदारी बैजयंत जय पांडा को दी गई है।

बिहार को लेकर भी पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर कई नियुक्तियां की हैं। हरीश द्विवेदी को बिहार का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ रोहन गुप्ता और संगीता यादव को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे को असम का प्रभारी बनाया गया है। वहीं बिहार से जुड़े पूर्व एमएलसी देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।

बिहार से आने वाली भाजपा नेता निवेदिता सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा को पश्चिम बंगाल में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह बिहार से जुड़े कई नेताओं को भी पार्टी के राष्ट्रीय संगठनात्मक ढांचे में अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारियां मिली हैं।

पार्टी ने संगठन के संचार से जुड़े काम के लिए भी नियुक्तियां की हैं। अनिल बलूनी को कम्युनिकेशन सेल का को-ऑर्डिनेटर और आशीष अग्रवाल को कन्वीनर बनाया गया है।

भाजपा की नई सूची ऐसे समय सामने आई है, जब कई राज्यों में आने वाले चुनावों को लेकर राजनीतिक दल संगठनात्मक तैयारियां तेज कर रहे हैं। हालांकि इन नियुक्तियों का वास्तविक असर संबंधित राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और आगे की गतिविधियों के दौरान सामने आएगा। नई जिम्मेदारियों के साथ प्रभारी और सह-प्रभारी संबंधित प्रदेश इकाइयों के साथ समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के बीच संपर्क की भूमिका निभाएंगे।