पद्म पुरस्कार 2026 नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ी: 15 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन करें
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

पद्म पुरस्कार-2026 नामांकन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2025 तक बढ़ी
राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन ही स्वीकार होंगे नामांकन
समाजसेवा, कला, विज्ञान और खेल में विशिष्ट योगदान देने वालों को सम्मान
पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/सिफारिश की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2025 से बढ़ाकर 15 अगस्त, 2025 कर दी गई है। पद्म पुरस्कारों के नामांकन/सिफारिश केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) पर ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। पद्म पुरस्कार-2026, जिनकी घोषणा गणतंत्र दिवस, 2026 को की जाएगी, के नामांकन/सिफारिश 15 मार्च, 2025 से शुरू हो चुके हैं।
पद्म पुरस्कारों के बारे में:
पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से हैं। इनकी स्थापना 1954 में की गई थी और इनकी घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। ये पुरस्कार ‘विशिष्ट कार्य’ को मान्यता देने के लिए दिए जाते हैं और कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, सार्वजनिक मामलों, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि जैसे सभी क्षेत्रों/विषयों में उत्कृष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं।
सभी व्यक्ति, जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। सरकारी सेवक (डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर), जिसमें सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) में कार्यरत कर्मचारी भी शामिल हैं, पद्म पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं।
‘जनता के पद्म’ की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता:
सरकार पद्म पुरस्कारों को “जनता का पद्म” बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अतः सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे नामांकन/सिफारिश करें, जिसमें स्व-नामांकन भी शामिल है। विशेष प्रयास ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के लिए किए जाएं, जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां वास्तव में सम्मानित किए जाने योग्य हैं, विशेषकर महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति एवं जनजातियों, दिव्यांग व्यक्तियों और समाज की निस्वार्थ सेवा करने वाले लोगों में से।
नामांकन/सिफारिश में पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में सभी आवश्यक विवरण होने चाहिए, जिसमें एक 800 शब्दों तक का कथात्मक विवरण (citation) भी शामिल हो, जिसमें अनुशंसित व्यक्ति की विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा का स्पष्ट उल्लेख हो।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट (https://mha.gov.in) पर ‘Awards and Medals’ शीर्षक के अंतर्गत और पद्म पुरस्कार पोर्टल (https://padmaawards.gov.in) पर उपलब्ध है। इन पुरस्कारों से संबंधित अधिनियम और नियम भी वेबसाइट पर इस लिंक पर उपलब्ध हैं: https://padmaawards.gov.in/AboutAwards.aspx।