देशभर में सक्रिय मानसून का असर: दिल्ली में येलो अलर्ट, कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

Tue 08-Jul-2025,10:53 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

देशभर में सक्रिय मानसून का असर: दिल्ली में येलो अलर्ट, कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी देशभर में सक्रिय मानसून का असर
  • दिल्ली में येलो अलर्ट, 13 जुलाई तक बारिश की संभावना।

  • यूपी-बिहार में बारिश में कमी, पूर्वी जिलों में वज्रपात का खतरा।

  • कई राज्यों में भारी वर्षा का अनुमान, मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया।

Delhi / New Delhi :

Delhi / देशभर में मानसून ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। खासकर दिल्ली-एनसीआर में रविवार रात से सोमवार सुबह तक जोरदार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया था और आज यानी मंगलवार को भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे, बिजली चमकने के साथ आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश का यह सिलसिला 13 जुलाई तक जारी रह सकता है, जिससे राजधानी में मौसम खुशनुमा बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश में मानसून धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। जहां पहले प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही थी, वहीं अब इसमें कमी देखी जा रही है। हालांकि आज बहराइच, लखीमपुर खीरी, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, शाहजहांपुर, जालौन, महोबा, झांसी और ललितपुर के आसपास भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 जुलाई के बाद प्रदेश में भारी बारिश का सिलसिला थम सकता है।

बिहार में भी मानसून कमजोर पड़ा है। अब तक वहां पर्याप्त बारिश नहीं हुई है, जिससे खेतों और फसलों पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने आज पूर्वी बिहार के 7 जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। राज्य में मानसून के ड्राई स्पेल की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन यह कब तक चलेगा, इस पर मौसम वैज्ञानिक भी कुछ स्पष्ट नहीं कह पा रहे हैं।

अन्य राज्यों की बात करें तो आज छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानों और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश की संभावना है। झारखंड, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें, खासकर उन इलाकों में जहां बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना है। किसानों और यात्रियों के लिए भी यह चेतावनी महत्वपूर्ण है, ताकि वे अपने कार्यों की योजना मौसम के अनुसार बना सकें।