भारी बारिश से मनाली-लेह हाईवे पर भूस्खलन, सैकड़ों पर्यटक फंसे

Thu 03-Jul-2025,11:34 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

भारी बारिश से मनाली-लेह हाईवे पर भूस्खलन, सैकड़ों पर्यटक फंसे भारी बारिश के चलते मनाली-लेह हाईवे पर भूस्खलन, सैकड़ों पर्यटक और वाहन फंसे
  • भारी बारिश से मनाली-लेह हाईवे बंद, सैकड़ों यात्री फंसे।

  • NH3 पर नेहरू कुंड और सिस्सू के पास भूस्खलन।

  • BRO राहत कार्य में जुटा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट।

Himachal Pradesh / Manali :

Manali / हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक बार फिर मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH3) पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। विशेषकर नेहरू कुंड और सिस्सू सेल्फी पॉइंट के पास पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे, जिससे यह रणनीतिक रूप से अहम मार्ग पूरी तरह से यातायात के लिए बंद हो गया है।

इस घटना से सड़क पर कई वाहन फंस गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय नागरिक शामिल हैं। कई लोग जो लद्दाख की ओर यात्रा कर रहे थे, उन्हें वापस लौटना पड़ा या सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा।

बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुट गई हैं और मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, लेकिन रुक-रुक कर हो रही बारिश और गिरते पत्थरों के कारण काम में लगातार बाधा आ रही है।

स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और जब तक मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित न हो जाए, तब तक अपने स्थानों पर ही रुकें।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाओं का खतरा बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि मनाली-लेह NH3 मार्ग को मई 2025 में BRO ने भारी मेहनत के बाद खोला था। अब मानसून की शुरुआत में ही इसका फिर से बंद होना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।