पेरू में 6.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, एक की मौत और भूस्खलन से दहशत

Mon 16-Jun-2025,11:16 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

पेरू में 6.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, एक की मौत और भूस्खलन से दहशत पेरू में 6.1 तीव्रता का भूकंप: एक की मौत, भूस्खलन और अफरा-तफरी का माहौल
  • लीमा के पास आए भूकंप में एक की मौत और पांच घायल।

  • भूकंप के कारण कई क्षेत्रों में भूस्खलन और धूल का गुबार।

  • पेरू ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित, जहां अक्सर भूकंप आते हैं।

Lima / Caleta de Carquín :

Peru / दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में रविवार रात एक शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र द्वारा 6.1 मापी गई, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार यह 5.6 रही। भूकंप का केंद्र राजधानी लीमा के पास कैलाओ शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित था। इस आपदा में लीमा शहर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जब एक दीवार उसकी कार पर गिर पड़ी। साथ ही पांच अन्य लोग घायल हो गए हैं।

भूकंप के चलते राजधानी लीमा और आसपास के क्षेत्रों में लैंडस्लाइड हुआ, जिससे धूल और रेत का बड़ा गुबार उठता देखा गया। स्थानीय टीवी चैनल लैटिना द्वारा जारी फुटेज में राजधानी के कई हिस्सों में भूस्खलन दिखाई दिया। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस भूकंप के बाद किसी भी प्रकार की सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे तटीय क्षेत्रों में भय की स्थिति नहीं बनी।

पेरू की राष्ट्रपति दीना बोलुआर्ट ने निवासियों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रशांत तटरेखा को कोई तत्काल खतरा नहीं है। वहीं, लीमा में खेले जा रहे एक प्रमुख फुटबॉल मैच को एहतियातन स्थगित कर दिया गया।

आपातकालीन संचालन केंद्र ने जानकारी दी कि लीमा में पांच लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव टीमें सक्रिय रूप से प्रभावित इलाकों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं और घायलों को उपचार प्रदान किया जा रहा है।

गौरतलब है कि पेरू 34 मिलियन से अधिक लोगों का घर है और यह तथाकथित 'रिंग ऑफ फायर' पर स्थित है, जो भूकंपीय और ज्वालामुखीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है। यहां हर वर्ष औसतन 100 भूकंप आते हैं। 2021 में आए 7.5 तीव्रता के भूकंप में अमेज़न क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ था। वहीं 1970 में उत्तरी पेरू के अंकाश क्षेत्र में आए भीषण भूकंप में लगभग 67,000 लोगों की जान चली गई थी।