रांची में बनेंगे खूबसूरत रिवर फ्रंट और नए फ्लाईओवर – जानें आपकी सड़कें कैसे बदलेंगी!
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

रांची में चार नए फ्लाईओवर की योजना।
हरमू और स्वर्णरेखा नदी किनारे सौंदर्याकरण।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी स्थायी राहत।
Ranchi / झारखंड सरकार ने राजधानी रांची में ट्रैफिक की भीड़ को कम करने और शहर को सुचारु रूप से जोड़ने के लिए एक महत्त्वाकांक्षी योजना तैयार की है। पथ निर्माण विभाग ने रांची में स्वर्णरेखा और हरमू नदी के दोनों किनारों पर वन-वे फोरलेन फ्लाईओवर के निर्माण का प्रारूप जारी किया है।
यह प्रस्तावित फ्लाईओवर निम्न मार्गों पर विकसित किया जाएगा:
-
कार्तिक उरांव चौक से एलपीएन शाहदेव चौक तक,
-
हरमू मुक्तिधाम से रेडिसन ब्लू होटल तक,
-
करमटोली चौक से मोरहाबादी होते हुए साइंस सिटी तक,
-
हिनू ढलान से जगन्नाथपुर मंदिर तक।
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने बुधवार को इस योजना का प्रारूप अवलोकित किया। हरमू फ्लाईओवर का विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
हरमू नदी के किनारों पर 2.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वन-वे फ्लाईओवर बनेगा, जो हरमू मुक्तिधाम से शुरू होकर विशाल मेगा मार्ट के पास समाप्त होगा। कडरू और अशोक नगर की ट्रैफिक समस्या को देखते हुए यह फ्लाईओवर महत्वपूर्ण होगा। इस फ्लाईओवर की चौड़ाई 8.5-8.5 मीटर होगी और नीचे की सड़क को भी 7 मीटर चौड़ा किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर ड्रेनेज, यूटिलिटी डक्ट, सौंदर्यीकरण और प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।
अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ होते हुए चापूटोली तक 1.75 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिसकी चौड़ाई 10 मीटर होगी।
करमटोली चौक से साइंस सिटी तक 2.2 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर प्रस्तावित है। इसके बाद साइंस सिटी से रिंग रोड तक 5 किलोमीटर से अधिक लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी।
हिनू ढलान से जगन्नाथपुर मंदिर तक लगभग 8 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनेगा। इसके लिए होटल एमराल्ड के पास गोलंबर और रेलवे लाइन पर आरओबी (रोड ओवर ब्रिज) निर्माण प्रस्तावित है। यह मार्ग मेकॉन गार्डन, डीपीएस और नयासराय होते हुए रिंग रोड से जुड़ेगा।
रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के तहत, हरमू और स्वर्णरेखा नदियों के दोनों किनारों पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। नदियां पूरी तरह से खुली रहेंगी और किनारे पर हरियाली, रोशनी और सैर के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी।
यह परियोजना राजधानी रांची के शहरी ढांचे को नया स्वरूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।