रायपुर, बिलासपुर समेत प्रदेश में 2–3 डिग्री गिर सकता है न्यूनतम तापमान

Mon 24-Nov-2025,03:49 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

रायपुर, बिलासपुर समेत प्रदेश में 2–3 डिग्री गिर सकता है न्यूनतम तापमान
  • अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़ में रात का तापमान 2–3 डिग्री तक गिरने की संभावना

  • रायपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर सहित कई शहरों में शुष्क मौसम जारी

  • सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी, स्वास्थ्य सावधानी बरतने की सलाह

Chhattisgarh / Raipur :

chhattisgarh/ प्रदेश में ठंड की शुरुआत भले ही हल्की हुई हो, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो दिन बाद रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट महसूस होगी। वर्तमान में न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य है और अगले 48 घंटे तक इसमें खास परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है, जिससे ठंड का असर बढ़ जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम पूर्णतः शुष्क रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम दोनों समय आर्द्रता सामान्य से कम रही तथा दिन में हल्की गर्माहट बनी रही।

प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री माना एयरपोर्ट क्षेत्र में दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा, जहा रात में ठंडक अधिक महसूस की गई। बिलासपुर, दुर्ग, पेंड्रा रोड और जगदलपुर सहित कई शहरों में तापमान सामान्य के आसपास या थोड़ा अधिक रहा। वर्षा का किसी भी हिस्से से कोई आकड़ा प्राप्त नहीं हुआ, जिससे स्पष्ट है कि सूखे मौसम का दौर जारी है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर दिशा से ठंडी हवाए अगले दो दिनों में प्रदेश में प्रवेश करेंगी, जिससे रात का तापमान तेजी से नीचे आएगा। दिन का तापमान हालांकि लगभग स्थिर रहेगा, लेकिन सुबह और देर शाम की ठंड बढ़ जाएगी।

ऐसा रहेगा राजधानी का तापमान

रायपुर शहर में 24 नवंबर को आकाश साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह हल्की ठंडक और दिन में सामान्य गर्माहट बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है, परंतु तापमान में गिरावट को देखते हुए स्वास्थ्य की दृष्टि से सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बिलासपुर का मौसम

बिलासपुर शहर में 23 नवंबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 0.7 डिग्री कम है। शाम के समय हवा में हल्की नमी और दिन में खुले आसमान ने मौसम को स्थिर रखा।

नवंबर की शुरुआत में जिस तरह से कड़ाके की ठंड ने अचानक दस्तक दी थी और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास पहुंच गया था, उसकी तुलना में इस समय शहर और आसपास के इलाकों में ठंड से काफी राहत बनी हुई है। यह राहत मुख्य रूप से बदलती हवाओं और सूखे मौसम की वजह से बनी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि फिलहाल बादल नहीं हैं, हवा की गति कम है और यही वजह है कि अभी ठंड का असर दबा हुआ है।