राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा- मणिपुर को सभी के लिए सुरक्षित और सशक्त राज्य बनाएं

Thu 11-Dec-2025,11:50 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा- मणिपुर को सभी के लिए सुरक्षित और सशक्त राज्य बनाएं
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इम्फाल में नागरिक समारोह में भाग लेकर विकास परियोजनाओं की नींव रखी। कहा मणिपुर को सुरक्षित, सशक्त और समावेशी राज्य बनाएं।

  • केंद्र सरकार ने मणिपुर में शांति, सुरक्षा, सद्भाव और समान विकास को पुनर्स्थापित करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई और जनता से सहयोग का आग्रह किया।

Manipur / Imphal :

इम्फाल/ मणिपुर की राजधानी इम्फाल में बुधवार को आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हिस्सा लिया और राज्य में विकास को गति देने वाले कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी तथा उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम सिटी कन्वेंशन सेंटर में मणिपुर सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित किया गया था, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मु ने मणिपुर को ‘‘लचीलेपन, साहस और असाधारण सांस्कृतिक समृद्धि की भूमि’’ बताते हुए कहा कि इस राज्य की पहचान इसकी अनूठी परंपराएँ, सशक्त महिलाएँ और उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं, जिन्होंने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि मणिपुर के लोगों ने कला, संस्कृति, खेल, सेना और सार्वजनिक सेवा में अमूल्य योगदान दिया है।

राष्ट्रपति ने मणिपुर में पिछले वर्षों में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं और हिंसा का उल्लेख करते हुए कहा कि वे जनता के दर्द और पीड़ा को समझती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार मणिपुर में शांति, सुरक्षा, सद्भाव और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मणिपुर के लिए स्थिरता और भाईचारे की वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि ‘‘हमें मिलकर ऐसा मणिपुर बनाना है जहां हर बच्चा सुरक्षित महसूस करे, हर महिला सशक्त हो, हर समुदाय मुख्यधारा में सहभागी बने और हर नागरिक उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो।’’

राष्ट्रपति मुर्मु ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि मणिपुर के युवा, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य इसे ‘‘असीमित संभावनाओं वाला राज्य’’ बनाते हैं। उन्होंने ऐतिहासिक ‘नुपी लाल’ यानी महिला आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि मणिपुर की महिलाओं ने दो बार औपनिवेशिक और सामंती ताकतों के खिलाफ संघर्ष किया और अपने अधिकारों को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष आज भी पूरे देश की महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

राष्ट्रपति ने कहा कि मणिपुर भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच के जीवंत रिश्तों का प्रवेश द्वार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि घाटी और पहाड़ी क्षेत्रों के लोग आपसी सद्भाव को नए सिरे से मजबूती देंगे और राज्य को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे।

इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मु ऐतिहासिक मापाल कांगजेइबुंग मैदान में आयोजित पोलो प्रदर्शनी मैच देखने पहुँचीं, जहां उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।