चित्रकूट चोरी कांड: युवक कांग्रेस नेता गिरफ्तार

Sat 14-Feb-2026,05:49 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

चित्रकूट चोरी कांड: युवक कांग्रेस नेता गिरफ्तार Chitrakoot-20-Lakh-Theft-Youth-Congress-Leader-Arrested
  • चित्रकूट में 20 लाख रुपये की चोरी मामले में युवक कांग्रेस पदाधिकारी की गिरफ्तारी से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज।

  • पुलिस ने आरोपी के पास से 10 लाख से अधिक नकद और लाखों के आभूषण बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की।

Uttar Pradesh / Chitrakoot :

Chitrakoot/ उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिला में 20 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। सिरसावन क्षेत्र में हुई इस वारदात की जांच के दौरान युवक कांग्रेस के जिला महासचिव विभव पाण्डेय उर्फ विक्की का नाम उजागर होने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संगठन ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पद और प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।

ऐसे खुला पूरा मामला

घटना 20 जनवरी की रात की बताई जा रही है। सिरसावन निवासी मनोज मिश्रा के घर से करीब 20 लाख रुपये नकद चोरी हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि इस वारदात में शिकायतकर्ता के बेटे सहित उसके दो करीबी साथी शामिल थे।

पुलिस की पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर युवक कांग्रेस के जिला महासचिव विभव पाण्डेय का नाम भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके पास से 10 लाख रुपये से अधिक नकद राशि और लगभग 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

संगठन की सख्त कार्रवाई

मामले में पदाधिकारी की संलिप्तता सामने आने के बाद जिला अध्यक्ष वरुण गुजर ने आधिकारिक पत्र जारी कर कहा कि आरोप गंभीर हैं और संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले हैं। इसलिए विभव पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस शेष राशि की बरामदगी और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।