RBI CRR Rule Change: बैंकों को नकदी प्रबंधन में राहत, दैनिक न्यूनतम सीमा 99% से घटाकर 90%
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
RBI CRR Rule Change: Banks Get Relief
आरबीआई ने दैनिक न्यूनतम सीआरआर सीमा 99 फीसदी से घटाकर 90 फीसदी की।
नया नियम 1 दिसंबर 2026 से लागू होगा।
कुल सीआरआर की जरूरत बरकरार, बैंकों को नकदी प्रबंधन में राहत।
Mumbai / बैंकिंग व्यवस्था में नकदी की स्थिति को देखते हुए आरबीआई ने एक अहम बदलाव किया है। अब बैंकों को हर दिन पहले जितनी रकम रिजर्व में रखने की बाध्यता नहीं होगी। लेकिन क्या इस फैसले से ग्राहकों को भी कोई राहत मिलेगी?
बैंकों को रोजाना नकदी संभालने में मिलेगी अधिक छूट
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बैंकों के लिए रोजाना कैश रिजर्व रेशियो (सीआरआर) बनाए रखने की न्यूनतम सीमा 99 फीसदी से घटाकर 90 फीसदी कर दी है। यह बदलाव 1 दिसंबर 2026 से लागू होगा। आरबीआई के इस फैसले से बैंकों को रोजाना नकदी प्रबंधन में अधिक लचीलापन मिलेगा। हालांकि, कुल सीआरआर की आवश्यकता में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सीआरआर यानी कैश रिजर्व रेशियो, बैंक की जमा रकम का वह हिस्सा होता है जिसे बैंक को आरबीआई के पास रिजर्व के रूप में रखना पड़ता है। यह रकम बैंक ग्राहकों को कर्ज देने के लिए इस्तेमाल नहीं कर सकते। सीआरआर का उद्देश्य बैंकिंग व्यवस्था में वित्तीय अनुशासन बनाए रखना और नकदी की उपलब्धता को नियंत्रित करना है।
आरबीआई के नियमों के मुताबिक, बैंकों को 14 दिन की रिपोर्टिंग अवधि, जिसे रिपोर्टिंग फोर्टनाइट कहा जाता है, में औसतन निर्धारित सीआरआर बनाए रखना होता है। इसके साथ ही हर दिन एक न्यूनतम रकम रिजर्व के रूप में रखना भी जरूरी होता है। अब इस दैनिक न्यूनतम सीमा को 99 फीसदी से घटाकर 90 फीसदी कर दिया गया है।
इस बदलाव को एक उदाहरण से समझा जा सकता है। यदि किसी बैंक को औसतन 100 रुपये सीआरआर के रूप में रखना है, तो पहले उसे हर दिन कम से कम 99 रुपये रखने पड़ते थे। अब किसी दिन वह न्यूनतम 90 रुपये रख सकता है। हालांकि, 14 दिन की अवधि में उसे औसतन निर्धारित 100 रुपये की जरूरत पूरी करनी होगी।
गौरतलब है कि अक्टूबर में बैंकिंग सिस्टम में अतिरिक्त नकदी की स्थिति को देखते हुए आरबीआई ने दैनिक न्यूनतम सीआरआर सीमा 90 फीसदी से बढ़ाकर 99 फीसदी कर दी थी। यह बदलाव 16 अक्टूबर से लागू हुआ था। उस समय नकदी प्रबंधन को अधिक सख्त बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया था।
अब मौजूदा और बदलती आर्थिक परिस्थितियों तथा बैंकिंग सिस्टम में नकदी की स्थिति का आकलन करने के बाद आरबीआई ने दैनिक सीमा फिर 90 फीसदी कर दी है। नया नियम 1 दिसंबर से शुरू होने वाली रिपोर्टिंग फोर्टनाइट से प्रभावी होगा।
इस फैसले से बैंकों को किसी दिन नकदी की अधिक जरूरत होने पर अपने रिजर्व को बेहतर तरीके से संभालने का अवसर मिलेगा। वे दैनिक न्यूनतम सीमा तक सीआरआर रखकर बाकी नकदी का प्रबंधन कर सकेंगे और बाद में निर्धारित औसत पूरा कर सकेंगे।
हालांकि, यह सीआरआर में वास्तविक कटौती नहीं है। बैंकों को कुल निर्धारित रिजर्व बनाए रखना होगा। ग्राहकों की ईएमआई या जमा पर ब्याज दरों में इस फैसले से सीधे बदलाव की उम्मीद नहीं है।