Delhi Cyber Slavery Syndicate | नौकरी का झांसा, इंटरनेशनल साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़

Thu 26-Nov-2026,08:08 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

Delhi Cyber Slavery Syndicate | नौकरी का झांसा, इंटरनेशनल साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ Cybercrime Network Exposed
  • नौकरी का झांसा देकर विदेशी नागरिकों को भारत लाने का आरोप।

  • नोएडा के कॉल सेंटर से 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया।

  • पुलिस ने बड़ी संख्या में मोबाइल, कंप्यूटर और पासपोर्ट बरामद किए।

Delhi / New Delhi :

New Delhi / अच्छी नौकरी का सपना दिखाकर भारत लाए गए विदेशी नागरिकों से यहां साइबर ठगी कराई जा रही थी। पासपोर्ट जब्त, आवाजाही पर पाबंदी और इनकार करने पर मारपीट के आरोपों के बीच दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर स्लेवरी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 164 विदेशी नागरिकों को रिहा कराया है। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में कंबोडिया, इंडोनेशिया और मलेशिया के नागरिकों को कथित तौर पर अच्छी नौकरी का लालच देकर भारत लाया जाता था। इसके बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर उन्हें बंधक बनाकर साइबर ठगी के काम में लगाया जाता था।

पुलिस की कार्रवाई नोएडा के सेक्टर-136 में चल रहे एक कथित कॉल सेंटर पर हुई। यहां एक पीजी में विदेशी नागरिकों को रखा गया था। पुलिस के मुताबिक, बिजनेस वीजा के जरिए इन लोगों को भारत लाया जाता था और फिर साइबर फ्रॉड की ट्रेनिंग देकर उनसे उनके ही देशों में फोन करवाए जाते थे। इस तरह ठगी के जरिए रकम वसूली जाती थी।

पुलिस को इस सिंडिकेट के बारे में एक विदेशी नागरिक द्वारा ईमेल भेजे जाने के बाद जानकारी मिली। ईमेल में कथित मानव तस्करी नेटवर्क और वहां चल रही गतिविधियों का विवरण दिया गया था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कॉल सेंटर में 164 विदेशी नागरिक साइबर ठगी से जुड़ी कॉल करते हुए पाए गए।

रिहा कराए गए लोगों में 92 मलेशियाई और 72 इंडोनेशियाई नागरिक बताए गए हैं। उनकी उम्र 19 से 25 वर्ष के बीच है और अधिकतर पहली बार भारत आए थे। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में उनके साथ मारपीट नहीं की जाती थी, लेकिन बाद में गलत काम करने से इनकार करने वालों के साथ कथित तौर पर मारपीट की जाती थी। कई विदेशी नागरिकों ने पैसे देकर अपने देश लौटने का रास्ता भी अपनाया था।

पुलिस ने मौके से 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट बरामद किए हैं। विदेशी नागरिकों की आवाजाही सीमित रखी जाती थी और उन्हें केवल कॉल सेंटर से पीजी तक जाने की अनुमति थी। उनके परिवहन के लिए कथित तौर पर 40 कैब की व्यवस्था की गई थी।

इस मामले में पुलिस ने विलियम नाम के एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। जांच में उसे कथित सिंडिकेट का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। दो भारतीय नागरिकों के नाम भी सामने आए हैं। सुनील कुमार विदेश में बताया गया है, जबकि सुशील भाटी फरार है। पुलिस अन्य आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, यह देश में अपनी तरह का पहला सिंडिकेट है जिसका पर्दाफाश किया गया है। मामले में मानव तस्करी और साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है।