Jeevandata Parivar Samman 2026: अंगदान करने वाले परिवारों को मिलेगा सम्मान, 28 नवंबर को इंदौर में समारोह
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Jeevandata Parivar Samman 2026
28 नवंबर को इंदौर में जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 का आयोजन होगा।
अंग एवं टिश्यू दान करने वाले परिवारों को उनके मानवीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
जीवनदाता परिवार, जीवन प्रेरणा और जीवन सारथी—तीन श्रेणियों में सम्मान दिए जाएंगे।
Indore / किसी अपने को खोने का दर्द शायद जीवन का सबसे कठिन अनुभव होता है, लेकिन इसी दुख की घड़ी में लिया गया एक निर्णय कई लोगों को नई जिंदगी दे सकता है। ऐसे ही साहस, संवेदना और मानवता की मिसाल बनने वाले परिवारों को अब सम्मानित किया जाएगा।
अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अपने प्रियजनों को खोने के बाद भी दूसरों को जीवन देने का निर्णय लेने वाले परिवारों के मानवीय योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। 2030 का भारत फाउंडेशन की ओर से आयोजित यह समारोह 28 नवंबर को इंदौर के एक होटल में होगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें अंग एवं टिश्यू दान करने वाले परिवारों के साथ-साथ अंगदान के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने और ट्रांसप्लांट प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा।
यह पहल अंगदान को केवल चिकित्सा प्रक्रिया के रूप में देखने के बजाय उसे सामाजिक जागरूकता, मानवीय संवेदना और जीवन के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास है। समारोह के माध्यम से उन परिवारों के योगदान को सामने लाया जाएगा, जिन्होंने अपने जीवन के सबसे कठिन समय में भी दूसरों की जिंदगी बचाने का निर्णय लिया।
तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे सम्मान
जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 को तीन प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ है। इसके अंतर्गत अंग अथवा टिश्यू दान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ की है, जिसमें अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा।
तीसरी श्रेणी ‘जीवन सारथी सम्मान’ होगी। इसके तहत अंगदान और ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टर्स, सर्जन, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स, हॉस्पिटल्स और उनकी सहयोगी मेडिकल टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
इन श्रेणियों में सम्मानित होने वाले नामों का चयन विभिन्न सर्वेक्षणों से प्राप्त जानकारी और आंकड़ों के आधार पर विशेषज्ञों की टीम करेगी। चयन प्रक्रिया का उद्देश्य अंगदान एवं ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पेशेवरों और संस्थानों को पहचान दिलाना है।
अंगदान मानवता और संवेदनशीलता से जुड़ा निर्णय
जीवनदाता परिवार सम्मान के सूत्रधार और 2030 का भारत के फाउंडर अतुल मलिकराम ने कहा कि अंगदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता से जुड़ा निर्णय है। उनके अनुसार, किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी अंगदान के माध्यम से कई लोगों को जीवन मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने सबसे कठिन समय में अंगदान का निर्णय लिया, उनका साहस और उदारता पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। संस्था का प्रयास ऐसे परिवारों और अंगदान की प्रक्रिया से जुड़े लोगों को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में इस विषय पर जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जागरूकता और जनभागीदारी के माध्यम से अंगदान को व्यापक सामाजिक अभियान बनाया जा सकता है।
इस आयोजन में नीलेश मुले और एमएससी एजेंसी इंडिया जैसी संस्थाओं का भी योगदान बताया गया है।
सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की पहल
2030 का भारत फाउंडेशन शून्य भुखमरी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में जमीनी स्तर पर काम कर रहा है। संस्था शिक्षकों को सशक्त बनाने के लिए टीचर्स एम्पावरमेंट प्रोग्राम भी संचालित करती है। इसके साथ ही कैदियों के पुनर्वास की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।
संस्था का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की समझ विकसित करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अंगदान के प्रति जागरूकता के मामले में मध्य प्रदेश में अभी व्यापक स्तर पर काम किए जाने की आवश्यकता है। ऐसे में जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 जैसी पहल अंगदान पर संवाद को आगे बढ़ाने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास है। यह समारोह उन लोगों और परिवारों के योगदान को सामने लाएगा, जिनके निर्णय और प्रयास दूसरों के जीवन में नई उम्मीद जगाने का माध्यम बन सकते हैं।