CBI Raid | महादेव बेटिंग ऐप पर CBI का बड़ा एक्शन, कई पैनल बंद
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
CBI Action on Mahadev Betting App
CBI ने महादेव बेटिंग ऐप मामले में 33 ठिकानों पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान कई सट्टेबाजी और जुए के पैनल बंद कराए गए।
डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और म्यूल बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए।
New Delhi / महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में जांच एजेंसियों ने अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। मुख्य प्रमोटर से पूछताछ के बाद CBI ने कई राज्यों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान डिजिटल उपकरणों से लेकर हवाला नेटवर्क से जुड़े दस्तावेज तक जब्त किए गए।
महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने अपना शिकंजा और कस दिया है। ओमान से भारत लाए गए मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने एक साथ 33 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। यह कार्रवाई पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत छह राज्यों में की गई।
CBI की इस कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते पाए गए। एजेंसी ने इन पैनलों को तत्काल बंद करा दिया। इसके अलावा बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और हवाला नेटवर्क तथा म्यूल बैंक खातों से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
जिन शहरों में तलाशी अभियान चलाया गया, उनमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, रायपुर, दुर्ग, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं।
अब सवाल है कि आखिर इस पूरे नेटवर्क का संचालन कैसे किया जाता था और सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में क्या जानकारी सामने आई?
दरअसल, महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर 1 नवंबर 2026 को भारत लाया गया था। इसके बाद CBI ने उसे गिरफ्तार किया। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे आठ दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था।
रिमांड के दौरान जांच एजेंसी ने उससे प्लेटफॉर्म के संचालन और भारत में फैले सट्टेबाजी पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पूछताछ में एजेंसी को कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर देशभर में यह तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद 12 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को दोबारा अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
CBI की जांच के अनुसार, इस पूरे सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश में स्थित मुख्यालय से किया जाता था, जबकि भारत में स्थानीय पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाते और उनके जरिए सट्टेबाजी करवाते थे।
जांच एजेंसी का आरोप है कि सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम किराये पर लिए गए या फर्जी नामों से खोले गए म्यूल बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद कई माध्यमों से इस पैसे को हवाला चैनलों के जरिए विदेश भेजा जाता था।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार की सिफारिश के बाद CBI ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी और अब तक दो FIR दर्ज की हैं। एजेंसी विदेश में छिपे अन्य फरार आरोपियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है। इसके साथ ही नेटवर्क को कथित संरक्षण देने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस बीच CBI ने आम लोगों को भी चेतावनी दी है। एजेंसी के मुताबिक, ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी गतिविधियां हैं। किसी को भी लालच में आकर अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए नहीं देने चाहिए। ऐसा करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
फिलहाल इस मामले में जांच जारी है। अब देखना होगा कि CBI की इस कार्रवाई के बाद महादेव बेटिंग नेटवर्क से जुड़े और कितने नाम सामने आते हैं और विदेश में बैठे आरोपियों तक जांच एजेंसी कब पहुंच पाती है।