Delhi Alert | दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर, कई इलाकों में AQI 400 पार, सांस लेना हुआ मुश्किल
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
दिल्ली-NCR प्रदूषण का कहर
दिल्ली के ITO में AQI 414 और नोएडा सेक्टर-62 में 439 दर्ज, कई इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में पहुंची।
आनंद विहार, बवाना, चांदनी चौक और IGI एयरपोर्ट समेत कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब रहा।
विशेषज्ञों ने N95 मास्क पहनने, खुले में व्यायाम से बचने और HEPA एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करने की सलाह दी।
New Delhi / राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह होते ही कई इलाकों की हवा बेहद जहरीली श्रेणी में दर्ज की गई। कहीं AQI 400 के पार है, तो कहीं हालात थोड़े बेहतर हैं।
दिल्ली-NCR में शनिवार सुबह भी लोगों को वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिली। पिछले कई दिनों से क्षेत्र की हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI बहुत खराब से लेकर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया है।
सबसे पहले बात करते हैं दिल्ली के प्रमुख इलाकों की। कनॉट प्लेस के बाहरी और अंदरूनी सर्कल में सुबह AQI 326 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, आईटीओ में स्थिति और चिंताजनक रही। यहां AQI 414 रिकॉर्ड किया गया, जिसे गंभीर श्रेणी में रखा गया है।
हालांकि, दिल्ली के सभी इलाकों में प्रदूषण का स्तर एक जैसा नहीं है। धौला कुआं के आसपास सुबह करीब 6 बजे AQI 147 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
अब नजर डालते हैं दिल्ली-NCR के उन इलाकों पर, जहां प्रदूषण का स्तर काफी अधिक दर्ज किया गया।
आनंद विहार में AQI 378, अशोक विहार में 340, बवाना में 388 और चांदनी चौक में 391 दर्ज किया गया। वहीं, आईजीआई एयरपोर्ट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 352 रहा। इन सभी इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
दिल्ली से सटे नोएडा की बात करें तो सेक्टर-62 में AQI 439 रिकॉर्ड किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम और हापुड़ में AQI 365 दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम के सेक्टर-51 में यह आंकड़ा 216 रहा, जिसे खराब श्रेणी में रखा गया है।
यानी दिल्ली-NCR के कई इलाकों में लोगों को प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।
अब सवाल है कि इस स्थिति में लोग खुद को प्रदूषण से कैसे बचाएं?
एम्स के विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि प्रदूषण के दौरान खुले में टहलने और व्यायाम करने से बचना चाहिए। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से सांस या हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग के रेस्पिरेटरी मेडिसिन एवं रेस्पिरेटरी क्रिटिकल केयर विभाग के सीनियर डायरेक्टर और एचओडी डॉ. विकास मौर्य के अनुसार, प्रदूषित हवा में मौजूद बेहद छोटे कण नाक के प्राकृतिक फिल्टर को पार करके फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे शरीर में सूजन बढ़ सकती है और अस्थमा तथा ब्रोंकाइटिस जैसी बीमारियां गंभीर हो सकती हैं। इसके अलावा हृदय पर दबाव और सीने में असहजता की समस्या भी हो सकती है।
डॉक्टर की सलाह है कि अगर बाहर निकलना जरूरी हो, तो अच्छी तरह फिट होने वाला N95 मास्क पहनें। सामान्य कपड़े या ढीले सर्जिकल मास्क PM2.5 जैसे सूक्ष्म कणों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं देते।
अस्थमा और COPD के मरीज अपनी निर्धारित दवाएं और इन्हेलर नियमित रूप से लेते रहें। चिकित्सक की सलाह के बिना दवाएं बंद न करें। प्रदूषण अधिक होने पर घर की खिड़कियां बंद रखें और संभव हो तो HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करें।
इसके साथ पर्याप्त पानी पिएं और संतरा, नींबू तथा आंवला जैसे विटामिन-C से भरपूर फल अपने आहार में शामिल करें। इन्फ्लूएंजा और न्यूमोकोकल संक्रमण से बचाव के लिए चिकित्सक की सलाह से टीकाकरण भी कराएं।
फिलहाल दिल्ली-NCR में प्रदूषण एक गंभीर चुनौती बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सावधानी बरतें और अपनी सेहत को प्राथमिकता दें।