छिंदवाड़ा लूट कांड का खुलासा: केकड़ा गैंग के चार आरोपी गिरफ्तार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Chhindwara-Sarafa-Loot-Kekda-Gang-Arrest
छिंदवाड़ा में सराफा व्यापारी से दिनदहाड़े हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर केकड़ा गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया
साइबर सेल और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान, जंगल में बांटे गए सोना-चांदी के जेवर
Madhya Pradesh/ छिंदवाड़ा जिले में 26 जनवरी को हुई सराफा व्यापारी से लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए कुख्यात ‘केकड़ा गैंग’ के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरोह में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
जानकारी के अनुसार, सराफा व्यापारी ओमचंद सोनी हर सोमवार की तरह ग्राम खंसवाड़ा के साप्ताहिक बाजार में अपनी सोना-चांदी की दुकान लगाने पहुंचे थे। बाजार समाप्त होने के बाद वे जेवरात से भरा बैग अपनी मोपेड में टांगकर गांव गांगीवाड़ा लौट रहे थे। शाम के समय जब वे भमाड़ा चौक से कुंडाली खुर्द रोड की ओर बढ़े और बगीचे के पास पहुंचे, तभी यह वारदात हुई।
पीछे से दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने व्यापारी की मोपेड को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरते ही आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और मोपेड में टंगा काले रंग का बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में मौजूद सोना-चांदी के जेवरात की कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई।
घटना के बाद देहात थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कई टीमें गठित कीं और साइबर सेल की मदद से डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और PSTN डेटा का विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर काराबोह डैम क्षेत्र से आकाश मालवीय और राजेश मालवी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की पूरी साजिश का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस वारदात को बिलाल उर्फ बिल्ला खान, कीकू उर्फ केकड़ा, राहुल रसियन, नैतिक उर्फ नैतू और एक नाबालिग के साथ मिलकर अंजाम दिया गया था। लूट से पहले व्यापारी की रेकी की गई और सुनसान रास्ते को वारदात के लिए चुना गया।
आरोपियों ने बताया कि लूट के बाद सभी लोग परासिया रोड के एक जंगल में पहुंचे, जहां चांदी के जेवरात आपस में बांट लिए गए, जबकि सोने के जेवर कीकू उर्फ केकड़ा के पास रखवाए गए थे। पुलिस ने एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और शेष तीन फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस लूट का खुलासा पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।