किश्तवाड़ में ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ सफल: जैश के तीन आतंकी ढेर, सैफुल्लाह मारा गया

Sun 22-Feb-2026,07:36 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

किश्तवाड़ में ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ सफल: जैश के तीन आतंकी ढेर, सैफुल्लाह मारा गया Kistwar Encounter
  • किश्तवाड़ में जैश के तीन आतंकी ढेर.

  • ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ में सैफुल्लाह मारा गया.

  • मुठभेड़ स्थल से एके-47 सहित हथियार बरामद.

Jammu and Kashmir / Kishtwar :

Kishtwar / जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सेना और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को मार गिराया गया। ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ के तहत चली इस मुठभेड़ में कुख्यात आतंकी सैफुल्लाह और उसके दो साथियों के ढेर होने की पुष्टि सैन्य अधिकारियों ने की है।

जानकारी के अनुसार, आज दोपहर हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया था। शाम तक जारी सर्च ऑपरेशन के दौरान तीसरे आतंकी को भी ढेर कर दिया गया। हालांकि, मारे गए आतंकियों की आधिकारिक पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान चेहरों के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण पहचान में दिक्कत आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, सैफुल्लाह पिछले दो वर्षों से इलाके में सक्रिय था और उसे पाकिस्तान से जुड़ा आतंकी माना जा रहा था।

यह ऑपरेशन विश्वसनीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर शुरू किया गया था। इनपुट जम्मू-कश्मीर पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और सेना के स्रोतों से मिले थे, जिनमें क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। दुर्गम पहाड़ी इलाके में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर मुठभेड़ को अंजाम दिया।

मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं, जिनमें दो एके-47 राइफल भी शामिल हैं। सुरक्षाबल अभी भी पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की आशंका को खत्म किया जा सके।

गौरतलब है कि 19 जनवरी को शुरू हुए ऑपरेशन त्राशी के दौरान सेना का एक जवान बलिदान हुआ था और सात लोग घायल हुए थे। इस ताजा सफलता को सुरक्षाबलों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।