अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए पंजीयन शुरू
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Indian-Army-Agniveer-Recruitment-2027-Apply-Online
भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीयन शुरू किया, आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित।
जुलाई-अगस्त 2026 में CEE परीक्षा, सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता और दस्तावेज सत्यापन चरण से गुजरना होगा।
नई दिल्ली/ भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) जुलाई-अगस्त 2026 में आयोजित किया जाएगा।
अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि तक आवेदन पत्र भरना, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना और आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। पंजीयन के बाद अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा यानी ऑनलाइन CEE में शामिल होना होगा। परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन की अगली चरण की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ के युवाओं में अग्निवीर भर्ती को लेकर उत्साह लगातार बढ़ा है। वर्ष 2023-24 में 14,153 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से 895 पद आवंटित हुए। वर्ष 2024-25 में 19,355 पंजीयन हुए और 731 पद मिले। वहीं वर्ष 2025-26 में 28,547 युवाओं ने आवेदन किया। इस बार अनुमान है कि राज्य को लगभग 1100 से 1300 पद मिल सकते हैं, हालांकि अंतिम संख्या सेना मुख्यालय की अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Agniveer Recruitment 2027’ लिंक पर क्लिक करना होगा। नए उपयोगकर्ता के रूप में पंजीयन या लॉगिन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। दस्तावेज अपलोड करने और शुल्क भुगतान के बाद आवेदन पत्र सबमिट करना अनिवार्य है।
अग्निवीर योजना के तहत चयनित युवाओं को चार वर्ष की सेवा का अवसर मिलता है। इस दौरान उन्हें वेतन, भत्ते और सेवा निधि पैकेज प्रदान किया जाता है। सेवा अवधि पूर्ण होने के बाद निर्धारित प्रतिशत अभ्यर्थियों को नियमित कैडर में शामिल किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित देशभर के युवाओं के लिए यह सुनहरा मौका है। समय रहते आवेदन कर तैयारी शुरू करना जरूरी है ताकि भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना साकार किया जा सके।