हिमाचल में मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें: रोहतांग-बारालाचा में बर्फबारी, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

Tue 12-May-2026,11:33 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

हिमाचल में मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें: रोहतांग-बारालाचा में बर्फबारी, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट Himachal Pradesh Weather
  •  रोहतांग और बारालाचा में ताजा बर्फबारी. 

  •  कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट. 

  • चंबा-पांगी क्षेत्रों में सड़क और बिजली व्यवस्था प्रभावित.

Himachal Pradesh / Shimla :

Shimla / Himachal Pradesh में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को Rohtang Pass और Baralacha La में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि Kullu में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। दूसरी ओर राजधानी Shimla में दिनभर धूप खिली रही।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 16 मई तक मौसम खराब बने रहने की संभावना जताई गई है।

कुल्लू और लाहौल घाटी में लगातार दूसरे दिन खराब मौसम देखने को मिला। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि घाटी में रुक-रुक कर बारिश जारी रही। कुल्लू के ढालपुर क्षेत्र में लगे अस्थायी बाजार में व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं चंबा से पांगी जा रही टैक्सियों में सवार आठ लोग सचे जोत के पास करीब दो घंटे तक फंसे रहे। बाद में लोक निर्माण विभाग की मशीनरी ने रास्ता साफ कर उन्हें सुरक्षित निकाला।

भरमौर-पठानकोट हाईवे पर भी मौसम का असर देखने को मिला। जांघी के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक निजी बस का अगला शीशा टूट गया और चालक घायल हो गया। हालांकि बस में सवार सभी 45 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

भारी बारिश के कारण चंबा जिले में 92 ट्रांसफार्मर बंद हो गए, जिससे करीब 460 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। केलांग का न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि कुकुमसेरी, ताबो, कल्पा और भरमौर में भी ठंड बढ़ गई है।

हालांकि मैदानी जिलों ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर में धूप खिलने से तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।