गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार आज राजकोट में
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज राजकीय सम्मान के साथ।
12 जून को एयर इंडिया हादसे में हुआ था निधन।
डीएनए पुष्टि के बाद परिजनों को सौंपा गया पार्थिव शरीर।
Ahmedabad / पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज सोमवार को राजकोट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। 12 जून को अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे में उनका निधन हो गया था। इस विमान दुर्घटना में सैकड़ों लोग मारे गए थे, जिनमें विजय रूपाणी भी शामिल थे। उनके निधन के बाद डीएनए सैंपल के माध्यम से पार्थिव शरीर की पहचान की गई, जिसके बाद परिवार को सूचित किया गया।
राज्य सरकार के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि सोमवार सुबह 11:30 बजे सिविल अस्पताल से उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद विशेष हवाई इंतजाम के जरिए पार्थिव शरीर को राजकोट लाया जाएगा, जहां दोपहर करीब दो बजे तक पहुंचने की संभावना है।
राजकोट पहुंचने के बाद विजय रूपाणी की अंतिम यात्रा शाम 5 बजे शुरू होगी, जो शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक और आमजन शामिल होंगे। शाम 6 बजे अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
राज्य सरकार ने विजय रूपाणी के सम्मान में एक दिवसीय राज्य शोक की घोषणा की है। इस अवसर पर सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज अर्ध-झुका रहेगा और कोई आधिकारिक आयोजन नहीं होगा। राजकोट प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की है ताकि अंतिम यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।