ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बेलगावी में शिवाजी महाराज की 25 फुट ऊँची प्रतिमा का किया अनावरण

Mon 15-Dec-2025,12:51 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बेलगावी में शिवाजी महाराज की 25 फुट ऊँची प्रतिमा का किया अनावरण
  • ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बेलगावी के अथानी में शिवाजी महाराज की 25 फुट ऊँची प्रतिमा का अनावरण कर स्वराज और राष्ट्रधर्म का संदेश दिया।

  • केंद्रीय मंत्री ने शिवाजी महाराज को हिंदवी स्वराज के शिल्पकार और भारत के स्वाभिमान, साहस व रणनीतिक नेतृत्व का प्रतीक बताया।

  • कार्यक्रम ने सांस्कृतिक पुनर्जागरण, आत्मगौरव और विकसित भारत की चेतना को नई पीढ़ी से जोड़ने का मजबूत आधार प्रस्तुत किया।

Karnataka / Belgaum :

कर्नाटक/ केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कर्नाटक के बेलगावी जिले के अथानी में मराठा शिरोमणि छत्रपति शिवाजी महाराज की 25 फुट ऊँची भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान, शौर्य और हिंदवी स्वराज की चेतना को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का संकल्प है।

अपने संबोधन में श्री सिंधिया ने कहा कि “जय भवानी, जय शिवाजी” का उद्घोष आज भी हर भारतीय के भीतर निर्भीकता, राष्ट्रधर्म और आत्मगौरव की ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने स्मरण कराया कि मात्र 15 वर्ष की आयु में शिवाजी महाराज ने हिंदवी स्वराज का संकल्प लेकर साहस, रणनीति और दूरदृष्टि के बल पर आक्रांताओं को परास्त किया और भारत के स्वाभिमान की रक्षा की।

उन्होंने कहा कि बेलगावी और अथानी की भूमि शिवाजी महाराज के पराक्रम की साक्षी रही है। दक्षिण भारत में उनके अभियानों के दौरान यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, जहां से दक्कन, कोंकण और गोवा मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। आज इसी पावन भूमि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण इतिहास, परंपरा और वर्तमान को जोड़ने वाला गौरवपूर्ण क्षण है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज जब भारत आत्मगौरव, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रधर्म के मार्ग पर अग्रसर है, तब छत्रपति शिवाजी महाराज के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत की जो चेतना आगे बढ़ रही है, उसकी जड़ें शिवाजी महाराज की विचारधारा में निहित हैं।

कार्यक्रम में मंजूनाथ भारती स्वामी जी, संभाजी भिड़े गुरु जी, कर्नाटक सरकार के मंत्री संतोष लाड़ एवं सतीश जारकिहोली, पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सवादी, कोल्हापुर सांसद श्रीमंत शाहू छत्रपति महाराज सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि श्री सिंधिया दो दिवसीय महाराष्ट्र-कर्नाटक दौरे पर हैं।