अंबिकापुर की अमेरा खदान में बड़े पैमाने पर कोयला चोरी

Wed 11-Feb-2026,01:23 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

अंबिकापुर की अमेरा खदान में बड़े पैमाने पर कोयला चोरी Ambikapur-SECL-Amera-Coal-Theft-Case
  • वायरल वीडियो में महिलाएं, पुरुष और बच्चे समूह बनाकर खदान परिसर से कोयला ले जाते नजर आए।

  • अंबिकापुर की एसईसीएल अमेरा खदान से प्रतिदिन 100 टन से अधिक कोयला अवैध रूप से निकाले जाने का दावा।

Chhattisgarh / Ambikapur :

Ambikapur/ सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल (SECL) की अमेरा खदान से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे सामूहिक रूप से खदान परिसर से कोयला निकालते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन 100 टन से अधिक कोयला अवैध रूप से बाहर ले जाया जा रहा है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण समूह बनाकर खदान में प्रवेश कर रहे हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बिना किसी प्रभावी रोकथाम के लोग खुलेआम कोयला इकट्ठा करते और उसे बोरी या टोकरी में भरकर ले जाते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग इसे दोपहिया वाहनों के माध्यम से बाहर पहुंचाते दिखाई देते हैं।

एसईसीएल के कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की घटनाएं भी हुईं। लगातार विरोध और संभावित हमलों के चलते कई बार सुरक्षा कर्मियों को हस्तक्षेप करने से बचना पड़ता है। इससे खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार चोरी किया गया कोयला आसपास संचालित ईंट भट्ठों तक पहुंचाया जा रहा है। बाइक और छोटे वाहनों के माध्यम से यह कोयला नियमित रूप से सप्लाई किया जा रहा है। अनुमान है कि इस अवैध कारोबार से प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।

लखनपुर पुलिस ने पूर्व में छापेमारी कर कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था, लेकिन कोयला चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो इस अवैध गतिविधि को संचालित कर रहा है। प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।