सूरत पुलिस ने अंतरराज्यीय अपराधी राजू ईरानी को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Raju Irani Gang Arrest Surat
राजू ईरानी पर विभिन्न राज्यों में लूट, ठगी और संगीन अपराधों के 20 से अधिक मामले दर्ज, गैंग के अन्य फरार सदस्य की तलाश जारी।
भोपाल ईरानी डेरा से पिस्तौल, नकली नोट, विदेशी मुद्रा और महंगी मोटरसाइकिलें बरामद, पुलिस गहन पूछताछ में अहम खुलासे की संभावना।
Bhopal/ सूरत पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय ईरानी गैंग के सरदार राजू ईरानी को गिरफ्तार कर लिया है। सूरत क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तारी को अंजाम दिया। भोपाल पुलिस की टीम सूरत में मौजूद थी और निशातपुरा पुलिस के माध्यम से राजू ईरानी को भोपाल लाया जाएगा।
राजू ईरानी पर विभिन्न राज्यों में लूट, ठगी और संगीन अपराधों के 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद देशभर में फैले इस संगठित अपराध नेटवर्क के कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ईरानी गैंग ने महाराष्ट्र, राजस्थान और देश के कई हिस्सों में सुनियोजित तरीके से आपराधिक वारदातें अंजाम दी थीं। ईरानी डेरा भोपाल में एक सेफ हाउस के रूप में इस्तेमाल हो रहा था। निशातपुरा थाना पुलिस ने बताया कि राजू ईरानी पूरे नेटवर्क को नियंत्रित करता था और बाहरी अपराधियों को डेरा में ठहराकर इलाके की रेकी करवाई जाती थी।
ईरानी गैंग एक चेन सिस्टम पर कार्य करता था। पुलिस के अनुसार, वारदात से करीब एक महीने पहले बाहरी अपराधियों को भोपाल बुलाया जाता, पुलिस गश्त और टारगेट का निरीक्षण कराया जाता और इसके बाद लूट, झपटमारी और ठगी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जाता।
पिछले कुछ समय पहले भोपाल पुलिस ने विशेष कांबिंग गश्त अभियान के तहत ईरानी डेरे पर बड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान फरार 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल थीं। इस अभियान में 150 से अधिक पुलिसकर्मी और क्राइम ब्रांच की टीमें शामिल रहीं।
छापेमारी में पुलिस ने पिस्तौल, विदेशी मुद्रा (डॉलर), नकली नोट, महंगी मोटरसाइकिलें, फर्जी नंबर प्लेट और लूट-चोरी में इस्तेमाल किए गए लगभग 50 मोबाइल फोन बरामद किए थे। राजू ईरानी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में देशभर में फैले अपराध नेटवर्क, गैंग के फाइनेंसर और अन्य फरार आरोपियों के बारे में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
सूरत और भोपाल पुलिस के समन्वय से हुई इस गिरफ्तारी को देशभर में संगठित अपराध पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि अन्य फरार गैंग सदस्य जल्द ही पकड़े जाएंगे।