पुतिन के भारत दौरे पर थरूर का बड़ा बयान, बोले-भारत-रूस रिश्ता बेहद अहम

Fri 05-Dec-2025,02:54 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

पुतिन के भारत दौरे पर थरूर का बड़ा बयान, बोले-भारत-रूस रिश्ता बेहद अहम
  • पुतिन की भारत यात्रा पर शशि थरूर ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में भारत-रूस संबंध अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऊर्जा, रक्षा और रणनीति में रूस अहम साझेदार है।

Delhi / New Delhi :

नई दिल्ली/ कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत-रूस संबंधों का मजबूत रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह दौरा न केवल कूटनीतिक दृष्टि से अहम है, बल्कि ऊर्जा, रक्षा और सामरिक साझेदारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित होता है।

थरूर ने कहा कि भारत हमेशा से अपनी स्वायत्त विदेश नीति पर चलता आया है और दुनिया की बड़ी शक्तियों के साथ स्वतंत्र रूप से संबंध बनाए रखना हमारी कूटनीतिक पहचान रही है। उन्होंने कहा कि किसी को यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि रूस के साथ भारत की निकटता का असर अमेरिका, चीन या किसी तीसरे देश के साथ संबंधों पर पड़ेगा, क्योंकि भारत राष्ट्रीय हितों के आधार पर निर्णय लेता है।

उन्होंने पिछले वर्षों में रूस की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि रूस से किफायती दरों पर तेल-गैस की सप्लाई भारत की आर्थिक मजबूती में बड़ी भूमिका निभा रही है। इसके अलावा रक्षा सहयोग भी भारत की सुरक्षा नीति का स्तंभ बना हुआ है। उन्होंने खास तौर पर S-400 एयर डिफेंस सिस्टम का ज़िक्र किया, जिसने “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान पाकिस्तानी मिसाइलों से भारतीय शहरों को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाई।

थरूर ने कहा कि यदि इस मुलाकात में महत्वपूर्ण समझौते होते हैं, तो यह भारत-रूस संबंधों को और मजबूत करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रिश्ते किसी अन्य वैश्विक शक्ति की कीमत पर नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्र कूटनीति के तहत आगे बढ़ाए जा रहे हैं।