Uttar Pradesh / Lucknow : Lucknow / उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को आखिरकार नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है और इसके साथ ही प्रदेश की राजनीति में एक अहम बदलाव की शुरुआत मानी जा रही है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में की। लखनऊ के लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में जैसे ही पंकज चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाली, संगठन के भीतर एक नए दौर का संदेश साफ नजर आया। इसी मौके पर राष्ट्रीय परिषद का निर्वाचन भी संपन्न हुआ।
पीयूष गोयल ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि सर्वसम्मति से पंकज चौधरी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने इसे संगठन की एकजुटता और भरोसे का प्रतीक बताया। पंकज चौधरी की ताजपोशी को भाजपा का एक बड़ा और सोचा-समझा राजनीतिक दांव माना जा रहा है। वह पूर्वांचल के महाराजगंज से सात बार सांसद रह चुके हैं और कुर्मी समुदाय से आते हैं, जो ओबीसी वर्ग में एक प्रभावशाली जाति मानी जाती है।
उत्तर प्रदेश, खासकर पूर्वांचल में ओबीसी आबादी एक बड़ा वोट बैंक है। ऐसे में एक मजबूत कुर्मी नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा विपक्ष के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण की काट तैयार करना चाहती है। पार्टी का मानना है कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में ओबीसी समाज में उसकी पकड़ और मजबूत होगी। पंकज चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के विश्वस्त नेताओं में गिने जाते हैं। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के रूप में उनके पास प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ संगठन को संभालने की क्षमता भी है, जो इस चयन का अहम कारण मानी जा रही है।
पूर्वांचल में पंकज चौधरी का मजबूत जनाधार है और यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाता है। उनकी नियुक्ति से भाजपा को इस इलाके में और मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि उनके सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना, आगामी चुनावों की ठोस रणनीति तैयार करना और केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के संबोधन से हुई। उन्होंने पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चुनाव प्रभारी नेताओं और नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौधरी का स्वागत किया। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि संगठन की राजनीति में भूमिकाएं बदलती रहती हैं, लेकिन अभियान और समर्पण लगातार चलते रहते हैं। इसी भावना के साथ भाजपा आगे भी अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहेगी।