CM सैनी ने अनिल विज से मुलाकात कर जल्द स्वस्थ होने की कामना

Sat 28-Feb-2026,11:42 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

CM सैनी ने अनिल विज से मुलाकात कर जल्द स्वस्थ होने की कामना Nayab-Saini-Meets-Anil-Vij-Ambala-Health-Update
  • हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला छावनी में अनिल विज के आवास पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

  • वॉशरूम में गिरने से पैर में फ्रैक्चर, डॉक्टरों ने अनिल विज को प्लास्टर और पूर्ण बेड रेस्ट की सलाह दी।

Haryana / Ambala :

अंबाला छावनी/ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को अंबाला छावनी स्थित ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के आवास पर पहुंचकर उनकी सेहत का हालचाल जाना। हाल ही में चोटिल हुए अनिल विज को पैर में फ्रैक्चर के कारण चिकित्सकों ने बेड रेस्ट की सलाह दी है। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए परिवार से भी मुलाकात की।

मुख्यमंत्री के आगमन पर मंत्री अनिल विज, उनके भाई राजिंदर विज और कपिल विज ने शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विज की तबीयत के बारे में विस्तार से जानकारी ली और डॉक्टरों द्वारा दिए जा रहे उपचार के संबंध में चर्चा की।

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले अनिल विज अपने घर के वॉशरूम में फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। चिकित्सकों ने प्लास्टर चढ़ाने के साथ उन्हें पूर्ण विश्राम की सलाह दी है। फिलहाल वे घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने अनिल विज को राज्य की राजनीति का वरिष्ठ और अनुभवी नेता बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विज लंबे समय से हरियाणा सरकार के कैबिनेट में अहम जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और प्रशासनिक अनुभव के साथ जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें अपना राजनीतिक मार्गदर्शक बताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के विभिन्न मुद्दों पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि अनिल विज जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री अन्य निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।