हंतावायरस से दुनिया में चिंता: क्रूज जहाज पर संक्रमण के बाद कई देशों में अलर्ट, WHO निगरानी में जुटा
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Hantavirus Outbreak
क्रूज जहाज पर हंतावायरस संक्रमण के मामले सामने आए.
तीन मौतों के बाद कई देशों में निगरानी बढ़ी.
WHO ने कोविड जैसी महामारी की आशंका से किया इनकार.
Delhi / दुनिया एक बार फिर एक खतरनाक वायरस को लेकर सतर्क हो गई है। अर्जेंटीना से रवाना हुए क्रूज जहाज एमवी होंडियस पर Hantavirus संक्रमण के मामले सामने आने के बाद कई देशों में चिंता बढ़ गई है। World Health Organization ने पुष्टि की है कि जहाज से जुड़े कई यात्रियों और क्रू सदस्यों में संक्रमण पाया गया है। अब अमेरिका, ब्रिटेन, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्विट्जरलैंड समेत कई देशों में यात्रियों की निगरानी की जा रही है।
अब तक इस संक्रमण से तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद लोगों को कोविड-19 महामारी के शुरुआती दिनों की याद आने लगी है। शुरुआत उस समय हुई जब एक 70 वर्षीय डच यात्री की जहाज पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तेज बुखार, सिरदर्द, पेट दर्द और दस्त की शिकायत हुई और बाद में उसकी मौत हो गई। इसके बाद एक डच महिला और एक जर्मन नागरिक की भी जान चली गई। WHO के मुताबिक यह संक्रमण एंडीज स्ट्रेन वाले हंतावायरस से जुड़ा है, जिसे बेहद दुर्लभ लेकिन गंभीर वायरस माना जाता है।
स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि संक्रमित लोग जहाज पर चढ़ने से पहले अर्जेंटीना, चिली और उरुग्वे की यात्रा के दौरान वायरस की चपेट में आए होंगे। बताया जा रहा है कि वे बर्ड वॉचिंग टूर पर गए थे और उन इलाकों में भी पहुंचे थे जहां वायरस फैलाने वाले चूहों की मौजूदगी पाई जाती है।
क्रूज जहाज के यात्री अब अलग-अलग देशों में पहुंच चुके हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य एजेंसियों ने निगरानी और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग तेज कर दी है। नीदरलैंड में तीन मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें एक ब्रिटिश नागरिक और एक जर्मन यात्री शामिल हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दक्षिण अफ्रीका में एक ब्रिटिश यात्री आईसीयू में भर्ती है, जबकि स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में भी एक संक्रमित व्यक्ति का इलाज चल रहा है।
ब्रिटेन में कुछ यात्रियों को घर में अलग रहने की सलाह दी गई है, वहीं अमेरिका के जॉर्जिया और एरिजोना में भी निगरानी बढ़ाई गई है। सिंगापुर में दो बुजुर्ग यात्रियों ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। इनमें से एक को हल्की सर्दी है जबकि दूसरे में कोई लक्षण नहीं मिले हैं।
हालांकि इस वायरस को लेकर डर जरूर बढ़ा है, लेकिन WHO ने साफ किया है कि फिलहाल कोविड जैसी वैश्विक महामारी की आशंका नहीं है। संगठन का कहना है कि अभी तक वायरस के तेजी से फैलने के प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि विशेषज्ञ मानते हैं कि एंडीज स्ट्रेन कुछ मामलों में इंसान से इंसान में भी फैल सकता है, इसलिए सतर्कता जरूरी है।
फिलहाल जहाज पर अभी भी 146 लोग मौजूद हैं, जो 23 अलग-अलग देशों से हैं। जहाज संचालक कंपनी Oceanwide Expeditions
ने कहा है कि सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए सख्त एहतियात बरते जा रहे हैं। जहाज जल्द ही स्पेन के कैनरी द्वीप समूह के टेनेरिफ पहुंचने वाला है, जहां से यात्रियों को उनके देशों में भेजा जाएगा। WHO और विभिन्न देशों की स्वास्थ्य एजेंसियां मिलकर संक्रमण को रोकने और संभावित जोखिम वाले लोगों की निगरानी में जुटी हुई हैं।