NEET UG 2026 पेपर लीक मामला CBI को सौंपा, SOG बोली- राजस्थान नहीं था लीक का मूल केंद्र
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
NEET Paper Leak
NEET UG 2026 पेपर लीक जांच अब CBI के हवाले.
SOG ने कहा- राजस्थान नहीं था लीक का मुख्य केंद्र.
जांच में कई राज्यों के नेटवर्क का खुलासा.
Jaipur / Jaipur में मंगलवार देर शाम आयोजित प्रेसवार्ता में Special Operations Group (SOG) ने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर कई अहम खुलासे किए। SOG के आईजी Ajaypal Lamba ने स्पष्ट कहा कि राजस्थान इस पेपर लीक का मूल केंद्र नहीं था। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता और कई राज्यों के लिंक सामने आने के बाद जांच अब Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंप दी गई है।
दिल्ली से आई CBI टीमों ने जयपुर स्थित SOG मुख्यालय पहुंचकर केस से जुड़े दस्तावेज और सबूत अपने कब्जे में लिए। इसके साथ ही करीब दो दर्जन से अधिक संदिग्धों और आरोपियों को भी CBI को सौंप दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अब मामले की जांच राष्ट्रीय स्तर पर और ज्यादा गहराई से की जाएगी।
प्रेसवार्ता में SOG ने शुरुआती जांच से जुड़े कई चौंकाने वाले तथ्य साझा किए। आईजी अजयपाल लांबा के मुताबिक, जांच में केरल के एक MBBS छात्र का नाम सामने आया है, जिसके जरिए पेपर आगे शेयर किया गया। बताया गया कि यह पेपर पहले हरियाणा के एक व्यक्ति तक पहुंचा और फिर वहां से अलग-अलग लोगों को वाट्सएप और अन्य माध्यमों के जरिए भेजा गया।
जांच में यह भी सामने आया कि पेपर महाराष्ट्र से हासिल किया गया था और उसके बाद गुरुग्राम व हरियाणा के कुछ लोगों के जरिए इसे फैलाया गया। SOG के अनुसार यह कोई सामान्य लीक नहीं था, बल्कि पूरी तैयारी के साथ संगठित तरीके से पेपर बेचा जा रहा था। लीक हुए पेपर में केमिस्ट्री के 45 और बायोलॉजी के 90 सवाल जवाब सहित मौजूद थे।
SOG ने साफ किया कि अब तक की जांच में राजस्थान के किसी बड़े पेपर लीक गिरोह या कोचिंग संस्थान की सीधी भूमिका सामने नहीं आई है। हालांकि कुछ अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के नाम जरूर जांच में आए हैं। अधिकारियों का कहना है कि करीब 150 अभ्यर्थियों तक यह पेपर पहुंचने की आशंका है और इस पूरे नेटवर्क की जांच अलग-अलग एजेंसियां कर रही हैं।
मामले में अब तक 24 लोगों को CBI के हवाले किया जा चुका है। इनमें संदिग्ध, आरोपी और पूछताछ में शामिल लोग शामिल हैं। अलवर, जयपुर, जयपुर ग्रामीण, झुंझुनूं और सीकर पुलिस भी अब तक SOG के साथ मिलकर इस मामले की जांच कर रही थी।
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। लाखों छात्रों की मेहनत और भविष्य पर सवाल खड़े होने के बाद यह मामला अब राष्ट्रीय बहस का विषय बन गया है।
अब पूरे देश की नजर CBI जांच पर टिकी है। लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर यह नेटवर्क कितना बड़ा था, इसमें किन-किन राज्यों के लोग शामिल थे और इस संगठित रैकेट के पीछे कौन लोग काम कर रहे थे। आने वाले दिनों में जांच से और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।