लखीमपुर खीरी: कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण संपन्न हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026

Tue 28-Apr-2026,02:43 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

लखीमपुर खीरी: कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण संपन्न हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026 Lakhimpur Kheri News
  • लखीमपुर खीरी में 16 केंद्रों पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न।

  • 13056 में से 10052 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में उपस्थिति दर्ज कराई।

  •  प्रशासन ने बायोमीट्रिक, CCTV और मेटल डिटेक्टर से कड़ी निगरानी रखी।

Uttar Pradesh / Lakhimpur :

लखीमपुर खीरी, 27 अप्रैल। जनपद में उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती एनरोलमेंट 2026 के तीसरे और अंतिम दिन परीक्षा कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच सकुशल संपन्न हो गई। जिले के 16 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को दोनों पालियों में परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 13056 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन 10052 परीक्षार्थियों ने ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 3004 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा की पारदर्शिता और नकल विहीन संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसमें मेटल डिटेक्टर, बायोमीट्रिक सत्यापन, फोटो स्कैनिंग और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी शामिल रही। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ-साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमणशील रहकर गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने पॉलिटेक्निक स्कूल और जिला पंचायत इंटर कॉलेज कालाआम सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करते हुए परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन की गुणवत्ता का बारीकी से मूल्यांकन किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और तैनात अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों से ओएमआर शीट विधिवत एकत्र कर सुरक्षित रखी गई और उसके बाद ही उन्हें केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी गई। पूरे दिन दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। जिलाधिकारी ने इस सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल तथा सभी संबंधित कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली ही योग्य अभ्यर्थियों के चयन का आधार बनती है, और इसी दिशा में प्रशासन ने पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया है। जिले में परीक्षा के सफल आयोजन से यह संदेश गया कि सख्त निगरानी और मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी परीक्षा को नकल विहीन और निष्पक्ष बनाया जा सकता है।