ईरान का दुबई एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला, फ्यूल टैंक में आग से उड़ानें प्रभावित
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Dubai Airport Drone Attack
ईरान के ड्रोन हमले से दुबई एयरपोर्ट के पास फ्यूल टैंक में आग।
सुरक्षा कारणों से दुबई एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित।
कोच्चि से दुबई जा रही अमीरात फ्लाइट EK533 को वापस लौटना पड़ा।
Dubai / मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सोमवार तड़के एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब ईरान ने दुबई एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला किया। इस हमले के बाद एयरपोर्ट के नजदीक स्थित एक फ्यूल टैंक में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि दमकलकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया।
इस घटना का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी देखने को मिला। केरल के कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सुबह करीब 4:30 बजे दुबई के लिए रवाना हुई अमीरात एयरलाइंस की फ्लाइट EK533 को बीच रास्ते से ही वापस लौटने का निर्देश दिया गया। इस विमान में करीब 325 यात्री सवार थे। दुबई एयरपोर्ट के अचानक बंद होने के कारण विमान को वापस कोच्चि की ओर मोड़ना पड़ा।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि स्थिति की समीक्षा होने तक यात्रियों को विमान में ही रहने की सलाह दी गई है। यदि दुबई एयरपोर्ट पर परिचालन दोबारा शुरू होता है, तो उड़ान सेवा फिर से जारी की जा सकती है।
बताया जा रहा है कि ईरान द्वारा किए गए इस ड्रोन हमले के कारण सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। फिलहाल कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दुबई वर्ल्ड सेंट्रल अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते आने वाले दिनों में हवाई यातायात और क्षेत्रीय सुरक्षा पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है।