Maharashtra / Mumbai : मुंबई/ गृह वित्त क्षेत्र की अग्रणी कंपनी आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का शुद्ध लाभ 27 प्रतिशत बढ़कर 311 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 245 करोड़ रुपये था। पूरे वित्तीय वर्ष में कंपनी का मुनाफा 912 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,108 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां भी 20 प्रतिशत बढ़कर 30,571 करोड़ रुपये तक पहुंच गईं, जबकि पिछले वर्ष यह 25,531 करोड़ रुपये थीं। तिमाही के दौरान आधार हाउसिंग ने 3,087 करोड़ रुपये के ऋण वितरित कर अब तक का सबसे बड़ा डिस्बर्समेंट रिकॉर्ड बनाया। कंपनी के कुल ऋण खातों की संख्या बढ़कर 3.36 लाख हो गई है। कंपनी की नेटवर्थ बढ़कर 7,541 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, ग्रॉस एनपीए घटकर 1.08 प्रतिशत रह गया, जो मजबूत एसेट क्वालिटी को दर्शाता है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऋषि आनंद ने कहा, “लगातार विकास, मजबूत एसेट क्वालिटी और रिकॉर्ड ऋण वितरण हमारे कारोबार की मजबूती को दर्शाते हैं। लाभ में हुई वृद्धि भी बेहद संतोषजनक रही है।”
(अनिल बेदाग)