बंगाल में BJP नेता शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या, राजनीतिक तनाव बढ़ा

Thu 07-May-2026,06:13 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

बंगाल में BJP नेता शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या, राजनीतिक तनाव बढ़ा Chandranath Rath Murder
  • शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या. 

  • हमलावरों ने बीच सड़क कार रोककर की फायरिंग. 

  • बीजेपी ने घटना को राजनीतिक साजिश बताया. 

West Bengal / Kolkata :

Kolkata / पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव के बीच एक बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई है। शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में हुई, जहां हमलावरों ने उनकी कार को बीच सड़क पर रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की।

जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से जा रहे थे तभी एक कार और एक बाइक उनका पीछा करते हुए पहुंची। पहले कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और फिर बाइक सवार हमलावरों ने करीब चार राउंड फायरिंग की। इस हमले में चंद्रनाथ और उनका ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चंद्रनाथ रथ की मौत हो गई। ड्राइवर का इलाज जारी है।

घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। जशोर रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि हमलावर जिस बाइक पर आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की साजिश और संभावित राजनीतिक एंगल की जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही शुभेंदु अधिकारी खुद अस्पताल पहुंचे और अपने सहयोगी की मौत की पुष्टि की। बीजेपी ने इस हत्या को राजनीतिक साजिश बताते हुए All India Trinamool Congress पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद से लगातार राजनीतिक हिंसा बढ़ रही है और यह हमला उसी का हिस्सा है।

दरअसल हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में Bharatiya Janata Party ने राज्य में बड़ी जीत दर्ज की है। बीजेपी ने 294 में से 207 सीटें जीतकर 15 साल से सत्ता में रही टीएमसी को बड़ा झटका दिया है। चुनावी माहौल के बाद से कई जिलों में तनाव और हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं।

इसी बीच साउथ 24 परगना जिले के नारायणपुर इलाके में भी बुधवार सुबह हिंसा और बवाल की घटनाएं सामने आईं। पुलिस और केंद्रीय बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर कई लोगों को हिरासत में लिया। इससे एक दिन पहले पंचायत प्रधान के कार्यालय से बड़ी संख्या में धारदार हथियार बरामद किए गए थे, जिससे इलाके में पहले से तनाव बना हुआ था।

फिलहाल चंद्रनाथ रथ हत्याकांड ने बंगाल की राजनीति को और गरमा दिया है। विपक्ष लगातार कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, जबकि पुलिस हमलावरों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।