Gurugram Firing | गुरुग्राम में लग्जरी कार शोरूम पर फायरिंग, हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े तार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Gurugram Firing News
गुरुग्राम के बिग बॉय टॉयज शोरूम पर देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग।
कार में बैठे ड्राइवर को छर्रे लगने से चोट, कई लग्जरी गाड़ियां क्षतिग्रस्त।
पुलिस जांच में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गैंग का नाम सामने आया।
Gurugram / हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार देर रात एक लग्जरी कार शोरूम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने पहले शोरूम के बाहर खड़ी एक लग्जरी कार को निशाना बनाया और फिर शोरूम पर कई राउंड गोलियां चलाईं। इस हमले में कार में बैठे ड्राइवर को छर्रे लगने से चोट आई है, जबकि शोरूम में खड़ी कई महंगी गाड़ियों और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
यह घटना गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक के पास स्थित मशहूर लग्जरी कार शोरूम ‘बिग बॉय टॉयज’ के बाहर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने सबसे पहले बाहर खड़ी रियल एस्टेट कंपनी बीपीटीपी के मालिक की लग्जरी कार को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि उस समय कार में मालिक मौजूद नहीं थे, लेकिन ड्राइवर राजपाल गाड़ी में बैठा हुआ था।
फायरिंग के दौरान एक गोली ड्राइवर राजपाल को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ड्राइवर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हमलावरों ने कार पर गोलीबारी करने के बाद शोरूम की ओर भी कई राउंड फायरिंग की। गोलियों की बौछार से शोरूम के एंट्रेंस के शीशे टूटकर बिखर गए। वहीं दूसरी मंजिल पर खड़ी कई लग्जरी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। कई महंगी कारों के शीशे टूट गए और छत पर बनी सीलिंग में भी गोलियों के निशान पाए गए हैं।
घटना के बाद शोरूम मालिक ने सेक्टर-37 थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इस घटना के तार कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बीपीटीपी कंपनी के मालिक को अक्टूबर 2024 में भाऊ गैंग की ओर से धमकी मिली थी। उस समय गैंग के लोगों ने कथित तौर पर कई करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। इस संबंध में उस समय सेक्टर-37 थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।
हालांकि अभी तक इस फायरिंग की जिम्मेदारी किसी गैंग ने आधिकारिक रूप से नहीं ली है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार फायरिंग में शामिल आरोपियों की पहचान झज्जर जिले के कुलासी गांव निवासी अतुल, दीपक और नीरज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस हमले के पीछे हिमांशु भाऊ गैंग का हाथ है या नहीं। साथ ही अक्टूबर 2024 में दर्ज धमकी और फिरौती के मामले को भी इस घटना से जोड़कर जांच की जा रही है। फिलहाल गुरुग्राम में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई है।