महराजगंज में सनसनी: SSB जवान के पति ने दो बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या, दीवार पर लिखा सुसाइड नोट
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Maharajganj Murder Case
महराजगंज में पिता ने दो बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या।
दीवार पर लिखे सुसाइड नोट में पत्नी और कथित प्रेमी पर आरोप।
घटना के बाद इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी।
Maharajganj / उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सशस्त्र सीमा बल (SSB) की एक महिला जवान के पति ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक घटना रविवार सुबह करीब 7 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता ने पहले अपने बेटे और बेटी को रस्सी के सहारे खिड़की से लटका दिया, जिससे दोनों बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद उसने कमरे की छत में लगे कुंडे से फंदा लगाकर खुद भी जान दे दी।
आत्महत्या से पहले उसने कमरे की दीवार पर एक सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें उसने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी सोनू गौतम को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। उसने लिखा कि उसकी पत्नी उसके साथ रहते हुए भी सोनू गौतम से बात करती थी और इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था। उसने यह भी लिखा कि वह अपने बच्चों को खुद से दूर नहीं कर सकता, इसलिए यह कदम उठा रहा है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्चों की चीख सुनकर नीचे रहने वाले किरायेदारों को शक हुआ। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वे ऊपर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। तब उन्होंने महिला जवान को फोन कर घटना की जानकारी दी। उस समय महिला जवान ड्यूटी पर थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई। अंदर का दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है।