रायपुर में पहली बार पुलिस कमिश्नरेट लागू, संजीव शुक्ला बने पहले पुलिस आयुक्त, 15 IPS अधिकारियों के तबादले

Thu 22-Jan-2026,11:16 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

रायपुर में पहली बार पुलिस कमिश्नरेट लागू, संजीव शुक्ला बने पहले पुलिस आयुक्त, 15 IPS अधिकारियों के तबादले Chhattisgarh Police News
  • रायपुर में पहली बार लागू हुई पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली.

  • संजीव शुक्ला बने रायपुर के पहले पुलिस आयुक्त.

  • 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, प्रशासनिक बदलाव अहम.

Chhattisgarh / Raipur :

Raipur / छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 23 जनवरी 2026 से पुलिस व्यवस्था के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पहली बार रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की जा रही है, जिसे राज्य सरकार की एक बड़ी और दूरगामी प्रशासनिक पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस नई व्यवस्था के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। संजीव शुक्ला इससे पहले बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे और उन्हें एक अनुभवी व सख्त प्रशासक के तौर पर जाना जाता है।

पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के साथ ही गृह विभाग ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए हैं। यह बदलाव केवल पदस्थापन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे राज्य की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, केंद्रीकृत और त्वरित निर्णय लेने वाली बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। खासकर राजधानी रायपुर जैसे तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह प्रणाली महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

तबादला आदेश के तहत दुर्ग रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग को अब बिलासपुर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वे संजीव शुक्ला की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं राजनांदगांव रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य को दुर्ग रेंज का आईजी बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय रायपुर में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे आईजी बालाजी राव सोमावर को राजनांदगांव रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया है। इन बदलावों को रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि ये सभी क्षेत्र संवेदनशील और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।

रायपुर कमिश्नरेट में नई टीम भी लगभग पूरी तरह तैयार कर दी गई है। कांकेर में पदस्थ डीआईजी अमित तुकाराम कामले को रायपुर नगरीय का अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वहीं रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह को जशपुर का एसएसपी नियुक्त किया गया है, जबकि जशपुर के एसएसपी शशि मोहन सिंह को रायगढ़ जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल को अब रेल एसपी रायपुर बनाया गया है।

कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत पुलिस उपयुक्त स्तर पर भी कई नई नियुक्तियां की गई हैं। 14वीं वाहिनी बालोद के सेनानी उमेश प्रसाद गुप्ता को रायपुर नगरीय के मध्य क्षेत्र का पुलिस उपयुक्त बनाया गया है। नारायणपुर की 16वीं वाहिनी के सेनानी संदीप पटेल को पश्चिम क्षेत्र और दंतेवाड़ा की 15वीं वाहिनी के सेनानी मयंक गुर्जर को उत्तर क्षेत्र का पुलिस उपयुक्त नियुक्त किया गया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर में एसआईआईबी के एसपी विकास कुमार को ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल का दायित्व सौंपा गया है, जबकि बस्तर एसटीएफ की एसपी राजनाला स्मृति को क्राइम एवं साइबर का पुलिस उपयुक्त बनाया गया है।

रेल एसपी रायपुर रहीं श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा को रायपुर ग्रामीण का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी ईशु अग्रवाल, जो अब तक आजाद चौक रायपुर में नगर पुलिस अधीक्षक थे, उन्हें उसी क्षेत्र में पुलिस सहायक आयुक्त के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।

प्रशासनिक हलकों में यह माना जा रहा है कि पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने से रायपुर में अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और समन्वय बेहतर होगा। अब पुलिस आयुक्त को कई ऐसे अधिकार मिलेंगे जो पहले जिलाधिकारी के पास होते थे, जिससे निर्णय प्रक्रिया तेज होगी। राज्य सरकार की इस पहल को शहरी सुरक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है और आने वाले समय में इसके असर को जमीन पर देखा जाएगा।