दुर्ग में अवैध अफीम खेती पर विधानसभा में हंगामा

Mon 09-Mar-2026,04:04 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

दुर्ग में अवैध अफीम खेती पर विधानसभा में हंगामा Durg-Illegal-Opium-Farming-Chhattisgarh-Assembly
  • दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा में जोरदार हंगामा, विपक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

  • पुलिस ने समोदा गांव में छापा मारकर करीब 6 हजार किलोग्राम से अधिक अफीम जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये आंकी गई।

Chhattisgarh / Raipur :

Raipur/ छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान दुर्ग जिले में सामने आए अवैध अफीम की खेती के मामले ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया। शून्यकाल में विपक्षी विधायकों ने इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। विपक्ष का आरोप है कि प्रदेश में धान की खेती के लिए पहचाने जाने वाले राज्य में अब अफीम की खेती जैसी अवैध गतिविधियां सामने आ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।

बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देशभर में धान उत्पादन के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल के घटनाक्रम से यह संदेश जा रहा है कि प्रदेश में अफीम की खेती को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी या विधायकों की समिति से कराई जानी चाहिए।

सदन में चर्चा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मामले को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस जमीन पर अफीम की खेती पाई गई है, वह विनायक ताम्रकार की बताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में उनके नौकर को गिरफ्तार कर लिया। भूपेश बघेल ने कहा कि यदि प्रशासन खुद मान रहा है कि जमीन ताम्रकार की है, तो फिर उन्हें आरोपी बनाने में देरी क्यों हो रही है।

विपक्ष के आरोपों पर सत्तापक्ष की ओर से संसदीय कार्य मंत्री अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध अफीम की खेती की शुरुआत कांग्रेस सरकार के समय हुई थी और उस समय ऐसे मामलों को संरक्षण मिला था। इस बयान के बाद सदन में माहौल और गरमा गया तथा दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के समोदा गांव में 6 मार्च 2026 को अवैध अफीम की खेती की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और करीब 6 हजार 224 किलोग्राम अफीम जब्त की। इसकी बाजार कीमत करीब 7 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।

विपक्ष ने इस मामले पर सदन की कार्यवाही स्थगित कर विस्तृत चर्चा कराने की मांग की, लेकिन सभापति ने स्थगन प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। इसके बाद नाराज विपक्षी विधायक सदन के गर्भगृह में पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। नियमों का हवाला देते हुए सभापति ने प्रदर्शन करने वाले विधायकों को निलंबित घोषित कर दिया।

दुर्ग में अवैध अफीम की खेती के इस मामले ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। विपक्ष निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।