Chhattisgarh Update: सीएम विष्णुदेव साय ने बगिया में ‘गजरथ यात्रा-2025’ पुस्तक का विमोचन किया
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
CM Say ने गजरथ यात्रा पुस्तक विमोचन और वनकर्मी सम्मान किया
गजरथ यात्रा-2025 पुस्तक में जशपुर जिले में हाथी-मानव द्वंद प्रबंधन, जागरूकता मॉडल और तकनीकी नवाचारों का विस्तृत विवरण दिया गया है।
विद्यालय स्तर पर बच्चों को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने की पहल को छत्तीसगढ़ सरकार की दूरदर्शी रणनीति बताया गया।
Chhattisgarh/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 29 दिसंबर को अपने निज निवास बगिया में ‘गजरथ यात्रा-2025’ पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक जशपुर जिले में हाथी-मानव द्वंद को कम करने के लिए किए गए प्रयासों, योजनाओं और उपलब्धियों का दस्तावेजी विवरण प्रस्तुत करती है। कार्यक्रम के दौरान हाथी-मानव संघर्ष को रोकने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले छह वनकर्मियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुस्तक में जशपुर जिले के हाथी विचरण क्षेत्रों की पहचान, संवेदनशील इलाकों का वैज्ञानिक वर्गीकरण, विद्यालय स्तर पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान, गज सूचना एवं नियंत्रण कक्ष की भूमिका, एनीमल ट्रैकर ऐप के माध्यम से प्रशिक्षण तथा गजरथ यात्रा के जिलेभर में विस्तार और उसके सकारात्मक परिणामों का विस्तृत वर्णन किया गया है।
सम्मानित वनकर्मियों में वनपाल उमेश पैंकरा, वनरक्षक दुर्गेश नंदन साय, आरआरटी से महत्तम राम सोनी, गणेश राम, रविशंकर पैंकरा तथा हाथी मित्र दल से फूल सिंह सिदार शामिल हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन कर्मचारियों की सतर्कता, साहस और सेवा भावना के कारण कई गांवों में बड़ी घटनाएं टल सकीं और जान-माल की रक्षा संभव हो पाई।
मुख्यमंत्री ने विद्यालयों में संचालित जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना भविष्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक आम नागरिकों को हाथियों के व्यवहार को समझने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने में मार्गदर्शक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में कमिश्नर नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशिमोहन सिंह और वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।