थाईलैंड की राजकुमारी सिरीवनावरी जयपुर पहुंचीं

Mon 09-Feb-2026,04:26 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

थाईलैंड की राजकुमारी सिरीवनावरी जयपुर पहुंचीं Thai-Princess-Sirivannavari-Jaipur-Visit
  • जयपुर पहुंचीं थाईलैंड की राजकुमारी सिरीवनावरी, एयरपोर्ट से रामबाग पैलेस तक रहा हाई-सिक्योरिटी वीवीआईपी मूवमेंट।

  • फैशन डिजाइनर, मेजर जनरल और सांस्कृतिक संरक्षक के रूप में वैश्विक पहचान रखती हैं सिरीवनावरी नरिरतना।

Rajasthan / Jaipur :

Jaipur/ थाईलैंड की राजकुमारी सिरीवनावरी नरिरतना राजकन्या चार दिवसीय भारत दौरे पर शुक्रवार को जयपुर पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई। सीआईएसएफ और राज्य पुलिस की संयुक्त निगरानी में विशेष विमान के उतरते ही एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से वीवीआईपी ज़ोन घोषित कर दिया गया। राजकुमारी का काफिला सीधे रामबाग पैलेस रवाना हुआ, जहां उनका शाही प्रवास तय किया गया है।
राजकुमारी सिरीवनावरी नरिरतना राजकन्या के जयपुर आगमन को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। हवाई अड्डे से लेकर रामबाग पैलेस तक पूरे मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा कारणों से आम नागरिकों के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया। राजकुमारी का काफिला लग्जरी वाहनों और सुरक्षा दस्ते के साथ रामबाग पैलेस पहुंचा, जिसे विशेष रूप से हाई-सिक्योरिटी होटल के रूप में तैयार किया गया है।

जयपुर प्रवास के दौरान राजकुमारी को राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराया जाएगा। उनके सम्मान में ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप पारंपरिक राजस्थानी व्यंजन, लोक नृत्य, संगीत और शाही स्वागत समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। शहर में उनका लक्जरी काफिला आम लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा, हालांकि सुरक्षा के चलते ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया।

राजकुमारी सिरीवनावरी का जन्म 8 जनवरी 1987 को थाईलैंड के राजा महा वजीरालोंगकोर्न (राम दशम) के परिवार में हुआ। वे केवल शाही परिवार की सदस्य नहीं, बल्कि फैशन, सेना और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाली हस्ती हैं। वर्ष 2005 में उन्होंने ‘हाउस ऑफ सिरीवनावरी’ नाम से अपना लक्जरी फैशन ब्रांड शुरू किया, जिसने पेरिस जैसे वैश्विक फैशन मंचों पर थाई परंपरा को आधुनिक डिज़ाइन के साथ प्रस्तुत किया।

सैन्य क्षेत्र में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। वर्ष 2023 में उन्हें रॉयल थाई आर्मी में मेजर जनरल के पद पर नियुक्त किया गया। इसके साथ ही वे रॉयल स्टेबल यूनिट की संरक्षक भी रह चुकी हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने चुलालोंगकोर्न विश्वविद्यालय से फैशन डिजाइन में प्रथम श्रेणी और गोल्ड मेडल प्राप्त किया, साथ ही पेरिस से अंतरराष्ट्रीय फैशन प्रशिक्षण भी लिया।

अपनी बहुमुखी प्रतिभा, सैन्य सेवा, फैशन और सांस्कृतिक संरक्षण के कारण राजकुमारी सिरीवनावरी वैश्विक मंच पर प्रभावशाली व्यक्तित्व के रूप में जानी जाती हैं। जयपुर दौरा भारत-थाईलैंड सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।