बांग्लादेश चुनाव 2026: तारिक़ रहमान की BNP को प्रचंड बहुमत, 211 सीटों पर जीत
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Bangladesh Election Results
BNP को 211 सीटों पर ऐतिहासिक जीत.
तारिक़ रहमान ने दो सीटों से दर्ज की जीत.
अवामी लीग चुनाव प्रक्रिया से बाहर रही.
Bangladesh / बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव को देश की राजनीति के लिए निर्णायक मोड़ माना जा रहा है। 2024 के बड़े राजनीतिक आंदोलन के बाद 12 फरवरी को हुए इन चुनावों ने नई दिशा तय करने का मौका दिया। यह पूरा चुनाव अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस की निगरानी में संपन्न हुआ। मतदाताओं ने दो स्तरों पर वोट डाला—एक नई संसद के गठन के लिए और दूसरा संविधान में प्रस्तावित बदलावों, जिन्हें ‘जुलाई चार्टर’ कहा गया, पर अपनी राय देने के लिए।
तारिक़ रहमान की अगुवाई में BNP की वापसी
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरपर्सन तारिक़ रहमान ने इस चुनाव में दो सीटों—ढाका-17 और बोगुरा-6—से जीत दर्ज की। पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा ज़िया के निधन के बाद 9 जनवरी को उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में BNP ने 211 सीटें जीतकर स्पष्ट बढ़त हासिल की। यह जीत पार्टी की राजनीतिक पकड़ को और मजबूत करने वाली मानी जा रही है।
विपक्ष और अन्य दलों का प्रदर्शन
जमात-ए-इस्लामी 68 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। हालांकि उसने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, लेकिन BNP की जीत के सामने उसका असर सीमित दिखा। नेशनल कन्वेंशनल पार्टी (NCP) को 6 सीटें मिलीं, जबकि अन्य छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी कुछ सीटों पर जीत दर्ज की।
अवामी लीग और जातीय पार्टी को झटका
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने इस चुनाव को “दिखावा” बताया। उनकी पुरानी सहयोगी जातीय पार्टी (JP) 196 सीटों पर उम्मीदवार उतारने के बावजूद एक भी सीट नहीं जीत सकी। रंगपुर डिवीज़न, जो कभी उसका गढ़ माना जाता था, वहां भी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। पार्टी चेयरमैन GM कादर रंगपुर-3 सीट से हार गए।
राजनीतिक दिशा का संकेत
ढाका, बारिसल और तंगेल जैसे बड़े जिलों में BNP की मजबूत जीत ने संकेत दिया है कि मतदाताओं ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है। तंगेल की आठ में से सात सीटें और ढाका के सभी पांच जिलों की सीटें BNP के खाते में गईं। यह परिणाम बांग्लादेश की भविष्य की राजनीति और शासन की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। चुनाव के नतीजे यह दर्शाते हैं कि देश एक नए राजनीतिक अध्याय की ओर बढ़ रहा है।