भारत-न्यूजीलैंड रक्षा रणनीतिक संवाद 2025: द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा

Wed 06-Aug-2025,03:45 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

भारत-न्यूजीलैंड रक्षा रणनीतिक संवाद 2025: द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा नई दिल्ली में आयोजित प्रथम भारत-न्यूजीलैंड रक्षा रणनीतिक संवाद में प्रशिक्षण, समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर हुई व्यापक चर्चा
  • रक्षा, प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा पर गहन चर्चा

  • द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने हेतु साझा प्रयास

Delhi / Delhi :

भारत और न्यूजीलैंड के बीच रक्षा सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारत-न्यूजीलैंड रक्षा रणनीतिक संवाद का उद्घाटन संस्करण 5 अगस्त 2025 को नई दिल्ली में आयोजित हुआ। इस बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा मंत्रालय के अंतरराष्ट्रीय सहयोग प्रभाग के संयुक्त सचिव श्री अमिताभ प्रसाद और न्यूजीलैंड रक्षा मंत्रालय की अंतरराष्ट्रीय शाखा की प्रमुख सुश्री कैथलीन पीयर्स ने की।

दोनों देशों ने वर्तमान रक्षा सहयोग पर संतोष व्यक्त किया और प्रशिक्षण, क्षमतावर्धन, रक्षा उद्योग, समुद्री सुरक्षा तथा बहुपक्षीय सहयोग जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने के उपायों की पहचान की। सह-अध्यक्षों ने उभरते क्षेत्रों में सहयोग और वैश्विक सार्वजनिक संसाधनों (ग्लोबल कॉमन्स) से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

भारतीय पक्ष ने CTF-150 (कंबाइंड टास्क फोर्स 150) के सफल नेतृत्व के लिए न्यूजीलैंड को बधाई दी, जिसमें भारतीय नौसेना के पांच कर्मियों ने स्टाफ के रूप में भाग लिया था। दोनों देशों ने व्हाइट शिपिंग सूचना विनिमय को मजबूत करने और सूचना साझाकरण को बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की।

भारत-न्यूजीलैंड रक्षा रणनीतिक संवाद की स्थापना मार्च 2025 में दोनों देशों के बीच हस्ताक्षरित एक समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत की गई थी, जो रक्षा संबंधों को प्रगाढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भारत और न्यूजीलैंड के आपसी संबंध राजनीति, रक्षा और सुरक्षा सहयोग, क्षमतावर्धन और शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में फैले हुए हैं। ये विकास परस्पर विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, गहरे सांस्कृतिक-सामाजिक संबंधों और क्रिकेट के प्रति समान प्रेम को दर्शाते हैं। अगस्त 2024 में भारत के राष्ट्रपति की न्यूजीलैंड यात्रा और मार्च 2025 में दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक ने इन संबंधों को नई गति प्रदान की है।

अपने भारत दौरे के दौरान, सुश्री कैथलीन पीयर्स ने 4 अगस्त 2025 को नई दिल्ली में रक्षाराज्य मंत्री श्री संजय सेठ और रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह से भी शिष्टाचार भेंट की।