मुंबई बीएमसी चुनाव 2026: फडणवीस और शिंदे ने महायुति के चुनाव प्रचार की शुरुआत की

Sat 03-Jan-2026,11:58 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

मुंबई बीएमसी चुनाव 2026: फडणवीस और शिंदे ने महायुति के चुनाव प्रचार की शुरुआत की Mumbai BMC Elections
  • महायुति गठबंधन ने बीएमसी चुनाव प्रचार की शुरुआत की.

  • विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं की घोषणा.

  • विपक्ष पर आरोप और जनता से समर्थन की अपील.

Maharashtra / Mumbai :

Mumbai / मुंबई के वरली स्थित डोम में शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीएमसी चुनावों के लिए बीजेपी-शिवसेना गठबंधन के चुनाव प्रचार का औपचारिक आगाज किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि 16 जनवरी को महायुति की महाविजय होगी और इसके बाद मुंबई का रूप पूरी तरह बदल जाएगा। उन्होंने बताया कि उनका मकसद मुंबई को नई दिशा देना और लोगों का जीवन स्तर सुधारना है। फडणवीस ने अपने संबोधन में विकास और सुरक्षा पर जोर दिया और कहा कि मुंबई में मेट्रो, कोस्टल रोड, टनल और एसटीपी परियोजनाओं के जरिए नागरिकों की सुविधा और सफाई पर ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर जमकर तीर चलाए। उन्होंने उद्धव ठाकरे की शिवसेना पर करप्शन और मराठी माणुस को बाहर निकालने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुंबईकर कभी इसे नहीं माफ करेंगे। फडणवीस ने साफ किया कि बीएमसी का मेयर हिंदू और मराठी होगा। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मुंबई को लूटने वालों के दिन अब खत्म हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली और महाराष्ट्र में सरकार का एक विचार है और बीएमसी में भी वही विचारधारा लागू होगी।

फडणवीस ने बताया कि उनका उद्देश्य मुंबई में शुद्ध हवा, प्रदूषण मुक्त वातावरण और सुरक्षित शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की आवाजाही आसान बनाने के लिए मेट्रो का जाल पूरे एमएमआर में फैलाया जा रहा है। हर साल 50 से 100 किलोमीटर मेट्रो निर्माण की योजना है। ट्रैफिक की समस्या से निजात पाने के लिए टनल बनाए जा रहे हैं। कोस्टल रोड परियोजना की प्रगति लगातार हो रही है और बीडीडी चॉल के विकास कार्य पर खुद प्रशासन निगरानी रख रहा है।

उन्होंने कहा कि समुद्र में गंदा पानी छोड़ने से रोकने के लिए एसटीपी परियोजना पर काम हो रहा है, जिसमें 16,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रदूषण के गंभीर प्रभाव को देखते हुए 17,000 करोड़ रुपये का नया बजटीय प्रबंधन भी लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीडीडी चॉल में 80 हजार लोगों की बसावट में सुधार किया गया और मराठी माणुस जो बाहर गए थे उन्हें मुंबई में वापस लाया जा रहा है।

फडणवीस ने भाजपा और शिंदे सेना के साथ-साथ आरपीआई की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि यह गठबंधन विकास और नागरिकों की भलाई के लिए काम करेगा। उन्होंने बताया कि विपक्ष की कोशिशें केवल भावनाओं पर आधारित हैं, लेकिन महायुति विकास और कार्य पर भरोसा करती है। फडणवीस ने जनता से अपील की कि वे 15 जनवरी को मतदान करें और मुंबई का भविष्य सुरक्षित करें। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि मुंबई में अब भ्रष्टाचार और लूट का दौर समाप्त होगा और लोग विकास की दिशा में बदलाव देखेंगे।

बीएमसी चुनावों में उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी, राज ठाकरे की मनसे और एनसीपी के गठबंधन के साथ मुकाबला कर रही है। वहीं कांग्रेस और वंचित बहुजन आघाड़ी भी चुनाव मैदान में हैं। फडणवीस और शिंदे का कहना है कि महायुति की जीत से मुंबई में नई दिशा और विकास की गति मिलेगी, जिससे मुंबईकरों का जीवन बेहतर बनेगा।