Manipur Toxic Liquor Tragedy | जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत, 180 से अधिक अस्पताल में भर्ती

Fri 20-Nov-2026,09:50 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

Manipur Toxic Liquor Tragedy | जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत, 180 से अधिक अस्पताल में भर्ती Manipur Toxic Liquor
  • मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध नकली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हुई।

  • इंफाल के शिजा और बाबिना अस्पतालों में 180 से अधिक मरीजों का इलाज जारी है।

  • प्रशासन ने संदिग्ध शराब से दूर रहने और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है।

Manipur / Imphal :

Imphal​ / मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध नकली शराब ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पिछले 48 घंटों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 180 से अधिक लोग अस्पतालों में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध नकली शराब पीने से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर 11 हो गया है। इस घटना में 180 से अधिक लोग बीमार पड़ गए हैं, जिन्हें इंफाल के दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री युमनम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार शाम को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रभावित लोगों का उपचार जारी है। पिछले 48 घंटों के दौरान चंदेल जिले के चकपीकारोंग इलाके में संदिग्ध शराब पीने के बाद ये मौतें हुई हैं।

मुख्यमंत्री की ओर से साझा किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, शिजा अस्पताल, लम्फेलपाट में 140 से अधिक मरीज भर्ती हैं, जबकि बाबिना अस्पताल, साजीवा में 41 से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है। बड़ी संख्या में मरीजों के अस्पताल पहुंचने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाएं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों का किया दौरा
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री युमनम खेमचंद सिंह ने दोनों अस्पतालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को इलाज और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार इस पूरे मामले की जांच कराएगी और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शराब कहां से आई, जांच में जुटा प्रशासन
इस घटना को लेकर चंदेल जिले के प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौतों का वास्तविक कारण अभी प्रमाणित नहीं हुआ है। चंदेल के कमिश्नर की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

वहीं, चंदेल के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संदिग्ध शराब काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब का निर्माण या उत्पादन चंदेल जिले में नहीं हुआ था। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से उपायुक्त को भेजे गए पहले के पत्र में आठ मृतकों की पहचान का उल्लेख किया गया था।

इनमें नुंगपान गांव के किशन ह्रांगबुंग अनल (32) और ह्रांगबुंग बेरुवंग अनल (50), डांगखुन गांव के ह्रांगबुंग मोहरिंग अनल (46), खंबाथेल गांव के आरडी अंगनाहरिंग अनल (37) और एनएल मोथाहरिंग अनल, जुलबांगचिंग गांव के केएल रामाथियांग अनल (44), काननखू गांव के टीएस अशिंग और खंबाथेल गांव की टीएस लवली शामिल हैं। टीएस अशिंग अस्थायी रूप से तौपोकपी में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, पहले पत्र में दर्ज आठ मौतों में से पांच सुगनू पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आती हैं।

प्रशासन ने जारी की चेतावनी
घटना के बाद उपायुक्त ने आम लोगों के लिए एहतियाती एडवाइजरी जारी की है। इसमें अगली सूचना तक प्रभावित क्षेत्रों में संदिग्ध स्रोतों से मिलने वाली शराब, विशेषकर स्थानीय स्तर पर बनाई गई या अज्ञात स्रोत की शराब का सेवन नहीं करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से कहा है कि शराब पीने के बाद उल्टी, पेट दर्द, सिरदर्द, चक्कर, धुंधली दृष्टि या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। जिन लोगों ने उसी संदिग्ध स्रोत से शराब पी है, उन्हें बिना लक्षण दिखाई दिए भी अस्पताल जाकर जांच कराने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा मिलावटी शराब के संदिग्ध निर्माण, भंडारण, बिक्री या वितरण की जानकारी निकटतम पुलिस स्टेशन अथवा संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस त्रासदी के पीछे कौन जिम्मेदार है।