कांकेर मितानिनों का सब्र टूटा, प्रोत्साहन राशि नहीं मिली तो आंदोलन की चेतावनी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Kanker Mitanin Incentive Delay Protest
3 जनवरी 2026 तक भुगतान नहीं होने पर मितानिन संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी
चार महीनों से राज्यांश और केंद्रांश दोनों मदों का भुगतान रुका, सिस्टम अपडेट को बताया जा रहा कारण
कांकेर/ कांकेर जिले में कार्यरत मितानिनें पिछले एक वर्ष से प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रही हैं। समय पर भुगतान न होने से मितानिनों का पारिवारिक और सामाजिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ मितानिन नागरिक जागरूक संस्था, जिला कांकेर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है।
संस्था ने ज्ञापन में बताया कि लगभग एक साल से मितानिनों को नियमित रूप से प्रोत्साहन राशि नहीं दी जा रही है। कई मितानिनों से बिना भुगतान के निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि समान प्रकृति के कार्य करने वाले अन्य विभागीय कर्मचारियों को समय पर वेतन और मानदेय मिल रहा है।
मितानिन संगठन के अनुसार पिछले चार महीनों से राज्यांश और केंद्रांश दोनों मदों की राशि लंबित है। भुगतान में देरी का कारण सिस्टम अपडेट बताया जा रहा है, लेकिन इससे जमीनी स्तर पर काम करने वाली मितानिनों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
भुगतान की कोई निश्चित तिथि तय न होने से मितानिनों को घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 3 जनवरी 2026 तक सभी लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो मितानिनें आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।