इंडियन कॉन्स्टिट्यूशन फेस्टिव्हल: युवाओं में संवैधानिक मूल्यों का राष्ट्रीय अभियान
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
इंडियन कॉन्स्टिट्यूशन फेस्टिव्हल 2025–26 युवाओं के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं, संवैधानिक जागरूकता, कला, साहित्य और पुरस्कार।
संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर 26 नवंबर 2025 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजन।
16 से 35 वर्ष के युवाओं के लिए साहित्य, कला और सादरीकरण की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं।
मुंबई/ भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवाओं में संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘इंडियन कॉन्स्टिट्यूशन फेस्टिव्हल’ नामक एक राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की जा रही है। यह महोत्सव 26 नवंबर 2025 से 26 जनवरी 2026 तक दो महीनों तक देशभर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संविधान की आत्मा स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व से जोड़ना है।
इस राष्ट्रीय पहल के अंतर्गत 16 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं को तीन प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है साहित्यिक कला, ललित कला और सादरीकरण कला। साहित्यिक श्रेणी में निबंध, कविता, ब्लॉग और लेख शामिल होंगे, जबकि ललित कला में डिजिटल पोस्टर, ग्राफिक्स, हस्तचित्रकला और रील्स बनाई जा सकेंगी। सादरीकरण कला के अंतर्गत भाषण, नाटिका और पथनाट्य जैसे माध्यमों को स्थान दिया गया है।
प्रतियोगिता के विषय समकालीन और विचारोत्तेजक रखे गए हैं, जिनमें नागरिक शिष्टाचार, संविधाननिष्ठ राष्ट्रप्रेम, आरक्षण की प्रासंगिकता, और मतदान की शक्ति बनाम नोटा जैसे विषय प्रमुख हैं। सभी प्रविष्टियों का मूल्यांकन शिक्षा, विधि, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।
अवगत हो 5–6 दिसंबर 2025 को मुंबई के चैत्यभूमि, दादर में संविधान जागरूकता स्टॉल भी लगाया गया था। 10 जनवरी, 2026 तक प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि होगी। 24–25 जनवरी 2026 को मुंबई विश्वविद्यालय, फोर्ट में भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी तथा 25 जनवरी को राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। 26 जनवरी, 2026 को महोत्सव का आधिकारिक वीडियो जारी किया जाएगा।
इस अभियान में कुल ₹1 लाख तक के पुरस्कार रखे गए हैं। आयोजकों के अनुसार यह महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में संविधान के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का संकल्प है।