परीक्षा पे चर्चा 2026: छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड भागीदारी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Pariksha-Pe-Charcha-Chhattisgarh-Students-Participation
रायपुर के छात्र तेजस चन्द्राकर को पीएम मोदी से सवाल पूछने का अवसर, परीक्षा के बाद सीखने और यात्रा पर दी प्रेरणादायक सलाह
प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों को एआई और तकनीक के संतुलित उपयोग, मोबाइल निर्भरता से बचने और अनुभव आधारित शिक्षा अपनाने का संदेश दिया
Raipur/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ के दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ से छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की ऐतिहासिक भागीदारी देखने को मिली। 9 फरवरी को प्रसारित इस चरण को राज्य के लगभग सभी जिलों में व्यापक स्तर पर देखा गया। लाखों विद्यार्थियों ने परीक्षा तनाव, करियर और जीवन कौशल से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री की सलाह सुनी। यह कार्यक्रम न केवल परीक्षा मार्गदर्शन का मंच बना, बल्कि सीखने के नए दृष्टिकोण को भी मजबूती से सामने लाया।
छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड भागीदारी
परीक्षा पे चर्चा के दूसरे चरण का सीधा प्रसारण छत्तीसगढ़ के 36,905 सरकारी और निजी विद्यालयों में किया गया। इस दौरान करीब 29.89 लाख दर्शक कार्यक्रम से जुड़े। इनमें 26.65 लाख विद्यार्थी, 1.54 लाख शिक्षक और 1.68 लाख अभिभावक शामिल रहे। इसके अलावा राज्य के 478 सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक प्रसारण की व्यवस्था की गई, जहां लगभग 42 हजार लोगों ने एक साथ कार्यक्रम देखा।
रायपुर के छात्र को मिला पीएम से सवाल पूछने का अवसर
इस चरण की खास बात यह रही कि रायपुर जिले के माना कैम्प स्थित पीएम श्री नवोदय विद्यालय के कक्षा 11वीं के छात्र तेजस चन्द्राकर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे सवाल पूछने का मौका मिला। तेजस ने परीक्षा के बाद घूमने और समय के बेहतर उपयोग को लेकर प्रश्न किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब में छात्रों को सलाह दी कि वे अपने तहसील, जिले और राज्य के पर्यटन स्थलों की सूची बनाएं, यात्रा की योजना तैयार करें और भ्रमण को सीखने का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुभव से सीखने का बड़ा जरिया है।
पहले चरण में भी दिखा जबरदस्त उत्साह
इससे पहले 6 फरवरी को आयोजित पहले चरण में भी छत्तीसगढ़ के 36,903 विद्यालयों में कार्यक्रम का प्रसारण हुआ था। उस दौरान करीब 29.87 लाख दर्शक जुड़े थे। पहले चरण में महासमुंद जिले की कक्षा 12वीं की छात्रा सृष्टि साहू को प्रधानमंत्री से सवाल पूछने का अवसर मिला था।
छात्रों को पीएम मोदी की तकनीक और एआई पर सलाह
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने छात्रों को तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संतुलित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल और एआई को सीखने का विकल्प न बनाएं, बल्कि मार्गदर्शन और सुधार के लिए इस्तेमाल करें। हर नई तकनीक को लेकर डर स्वाभाविक है, लेकिन सही दिशा में उपयोग से वही तकनीक प्रगति का साधन बनती है।
परीक्षा के बाद सीखने की नई राह
प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों को परीक्षा के बाद स्थानीय पर्यटन, नई स्किल सीखने और अनुभव आधारित शिक्षा अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ जीवन को समझना भी उतना ही जरूरी है।