इंडिगो संकट के बाद हवाई सेवाएं सामान्य: मंत्रालय की सख्‍ती से किराया नियंत्रण और रिफंड तेज़

Mon 08-Dec-2025,12:47 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

इंडिगो संकट के बाद हवाई सेवाएं सामान्य: मंत्रालय की सख्‍ती से किराया नियंत्रण और रिफंड तेज़
  • इंडिगो संकट के बाद मंत्रालय के हस्तक्षेप से हवाई यात्रा संचालन तेजी से सामान्य हुआ, आज उड़ान कार्यक्रम लगभग स्थिर स्तर पर पहुंचने की संभावना।

  • हवाई किराए में अचानक बढ़ोतरी रोकने हेतु मंत्रालय ने तत्काल किराया सीमा लागू की, जिसके बाद प्रभावित मार्गों पर किरायों में स्पष्ट कमी आई।

Delhi / Delhi :

Delhi/ नागर विमानन मंत्रालय ने इंडिगो के परिचालन संकट के बाद उत्पन्न अस्थिरता को दूर करने और यात्रियों को होने वाली असुविधा को रोकने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए हैं। मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद देशभर में हवाई यात्रा संचालन तेजी से सामान्य होने लगा है। अन्य सभी घरेलू एयरलाइंस पूर्ण क्षमता पर सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं, जबकि इंडिगो के परिचालन में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है। 5 दिसंबर 2025 को 706 उड़ानों का संचालन करने वाली इंडिगो ने 6 दिसंबर को 1,565 उड़ानों का संचालन सुनिश्चित किया और आज यह संख्या बढ़कर 1,650 तक पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद उड़ान कार्यक्रम सामान्य स्तर के करीब माना जा रहा है।

रद्द उड़ानों के कारण बढ़े किरायों को रोकने के लिए मंत्रालय ने हवाई किरायों पर तत्काल प्रभाव से सीमा लागू कर दी है, जिससे प्रभावित मार्गों पर हवाई किरायों में उल्लेखनीय कमी आई है। सभी एयरलाइनों को संशोधित किराया ढांचे का पालन अनिवार्य कर दिया गया है।

यात्रियों की वित्तीय सुरक्षा के प्रति गंभीरता बरतते हुए मंत्रालय ने इंडिगो को निर्देश दिया कि रद्द या अत्यधिक विलंबित उड़ानों के सभी रिफंड आज रात 8 बजे तक जारी कर दिए जाएं। एयरलाइन अब तक 610 करोड़ रुपये के रिफंड संसाधित कर चुकी है। साथ ही रद्दीकरण से प्रभावित यात्रा पुनर्निर्धारण पर यात्रियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं ताकि रिफंड और पुनर्बुकिंग से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके।

मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि व्यवधानों के दौरान यात्रियों से अलग हुए सभी सामानों का पता लगाकर उन्हें 48 घंटों के भीतर पहुंचाया जाए। इस दिशा में तेजी से काम करते हुए इंडिगो अब तक 3,000 सामान यात्रियों तक पहुंचा चुकी है।

दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद और गोवा के हवाईअड्डों के निदेशकों ने सामान्य संचालन की पुष्टि की है और यात्रियों की आवाजाही में किसी व्यवधान, भीड़ या देरी की कोई स्थिति नहीं है। बेहतर सुविधा के लिए हवाईअड्डा संचालकों और CISF द्वारा निगरानी और सहायता बढ़ाई गई है।

नागर विमानन मंत्रालय का 24×7 नियंत्रण कक्ष उड़ान संचालन, हवाईअड्डा स्थिति और यात्रियों की सहायता जरूरतों की रियल-टाइम निगरानी जारी रखेगा। ज़मीनी टीमों को परिचालन योजना, चालक दल प्रबंधन और यात्री सेवा मानकों के पालन की निगरानी के लिए तैनात किया गया है।

मंत्रालय ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है और परिचालन पूरी तरह स्थिर होने तक सभी सुधारात्मक कदम जारी रहेंगे।