नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तैयार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Noida-International-Airport-Ready-For-Launch
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा, उद्घाटन से पहले सभी आधुनिक सुविधाएं और तकनीकी व्यवस्थाएं तैयार।
एयरपोर्ट के शुरू होने से यूपी को मिलेगा पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, निवेश और कनेक्टिविटी को बढ़ावा।
Noida/ उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे के विकास में एक बड़ा मील का पत्थर जुड़ने जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। टर्मिनल, रनवे, एयर ट्रैफिक कंट्रोल से लेकर यात्री सुविधाओं तक सभी प्रमुख व्यवस्थाएं तैयार हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद एयरपोर्ट को जल्द शुरू करने की कवायद तेज हो गई है।
उत्तर प्रदेश का महत्वाकांक्षी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उद्घाटन के बेहद करीब है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड द्वारा विकसित यह परियोजना राज्य की हवाई कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने वाली मानी जा रही है। हाल ही में एयरपोर्ट की प्रगति को दर्शाता एक वीडियो सामने आया है, जिसे राज्य के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। वीडियो में एयरपोर्ट की आधुनिक और विश्वस्तरीय तैयारियों की झलक देखने को मिली है।
एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल बिल्डिंग, घरेलू चेक-इन काउंटर, ई-गेट्स, बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, विशाल यात्री लाउंज और विमान पार्किंग एप्रन पूरी तरह तैयार हैं। इसके साथ ही कार्गो टर्मिनल, सोलर फार्म, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और अत्याधुनिक नेविगेशन सिस्टम भी स्थापित किए जा चुके हैं। यात्रियों और विमानों की सुचारू आवाजाही के लिए रनवे और टैक्सी-वे का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया गया है।
ग्राउंड हैंडलिंग के लिए CNG पंप और EV चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जो इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाती हैं। जल प्रबंधन, सीवेज सिस्टम और ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं भी पूरी हो चुकी हैं।
एयरपोर्ट के पहले चरण का निर्माण लगभग 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में किया गया है। दिसंबर 2024 में बड़े विमान की सफल लैंडिंग के साथ ट्रायल रन पूरा किया गया था। इसके बाद छोटे विमानों के जरिए उपकरणों और सुरक्षा प्रणालियों की जांच की गई। यात्रियों की भूमिका निभाकर चेक-इन, बोर्डिंग और बैगेज सिस्टम का भी परीक्षण सफल रहा।
फिलहाल एयरोड्रम लाइसेंस की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। लाइसेंस मिलते ही एयरपोर्ट का उद्घाटन और नियमित उड़ानों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके शुरू होने से उत्तर प्रदेश को अपना पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिलेगा, जिससे निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।