राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी बस्तर पंडुम 2026 का उद्घाटन
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
President-Droupadi-Murmu-Bastar-Pandum-2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर पंडुम के प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण कर जनजातीय कला और हस्तशिल्प का अवलोकन करेंगी।
‘बस्तर पंडुम 2026’ का राष्ट्रपति की उपस्थिति में औपचारिक उद्घाटन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भव्य झलक।
Bastar/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने बस्तर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति से रूबरू होंगी। वे बस्तर पंडुम के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण करेंगी, जहां बस्तर की पारंपरिक हस्तशिल्प, जनजातीय कलाएं, लोकवेशभूषा और स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति कलाकारों और शिल्पकारों से संवाद कर उनकी कला और जीवनशैली को नजदीक से समझेंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर दौरे को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं। बस्तर पंडुम के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी में बस्तर की आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया है। राष्ट्रपति इन स्टॉलों का अवलोकन करते हुए कलाकारों से सीधे संवाद करेंगी और उनकी रचनात्मकता, परंपराओं और आजीविका से जुड़ी जानकारी लेंगी।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति विशिष्ट अतिथियों से भेंट करेंगी और सामूहिक छायाचित्रण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसके बाद वे मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचेंगी, जहां ‘बस्तर पंडुम 2026’ का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।
मुख्य समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से होगी, जिसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। यह महोत्सव छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और प्रचार के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
समारोह के दौरान बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए पारंपरिक आदिवासी नृत्य, लोकगीत और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। ये सांस्कृतिक कार्यक्रम बस्तर की परंपराओं, आस्था और सामुदायिक जीवन की झलक प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने संबोधन के माध्यम से जनजातीय संस्कृति के महत्व और उसके संरक्षण पर विचार रखेंगी। कार्यक्रम के समापन के पश्चात राष्ट्रपति जगदलपुर से रायपुर होते हुए नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।