अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा: नक्सल समीक्षा बैठक और बस्तर पंडूम समापन
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Amit-Shah-Chhattisgarh-Visit-Naxal-Review-Bastar-Pandum
अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा नक्सलवाद पर रणनीतिक समीक्षा और सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय को मजबूत करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
जगदलपुर में बस्तर पंडूम समापन समारोह के जरिए जनजातीय संस्कृति और बस्तर के सकारात्मक बदलाव को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
Bastar/ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा राज्य की आंतरिक सुरक्षा और नक्सल उन्मूलन रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह 7 फरवरी को शाम 4:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे निजी होटल जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन 8 फरवरी को गृहमंत्री का कार्यक्रम सबसे अहम रहेगा। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रायपुर में नक्सलवाद पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्रालय, छत्तीसगढ़ सरकार, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में नक्सल प्रभावित इलाकों की मौजूदा स्थिति, हालिया अभियानों की समीक्षा और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद शाम 5 बजे से 6:10 बजे तक अमित शाह “शिफ्टिंग द लेंस” थीम पर आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में भाग लेंगे, जहां आंतरिक सुरक्षा और बदलते सामाजिक परिदृश्य पर विचार साझा किए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद वे रायपुर स्थित होटल में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को अमित शाह सुबह 11 बजे विशेष विमान से रायपुर से दंतेश्वरी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से जगदलपुर पहुंचेंगे और दोपहर 12:05 बजे से शाम 4 बजे तक बस्तर पंडूम के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह आयोजन बस्तर की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोककला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास है।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अमित शाह शाम 4:20 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरे को देखते हुए रायपुर और बस्तर संभाग में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।