उत्तराखंड में येलो अलर्ट: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी, कई राज्यों में गरज-चमक का पूर्वानुमान
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Uttrakhand Weather
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की आशंका.
कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी.
मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट.
Uttrakhand / उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 3,200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों—जैसे गंगोत्री, केदारनाथ, सोनप्रयाग, मुनस्यारी, नंदा देवी नेशनल पार्क, बद्रीनाथ और जोशीमठ—में गरज और बिजली गिरने की भी आशंका है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इधर देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदलता दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 26 फरवरी के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ओडिशा में 23 और 24 फरवरी को बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। वहीं 23 फरवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक की संभावना जताई गई है। असम, मेघालय, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में 23-24 फरवरी के दौरान बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और ऊंचे इलाकों में जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।