होली ट्रैवल अलर्ट: रायपुर से लंबी दूरी की ट्रेनों में बढ़ी वेटिंग

Mon 02-Feb-2026,01:18 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

होली ट्रैवल अलर्ट: रायपुर से लंबी दूरी की ट्रेनों में बढ़ी वेटिंग Holi-Train-Rush-Raipur-Waiting-List-2026
  • होली से पहले रायपुर से उत्तर भारत और पूर्वी भारत जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म टिकट खत्म, कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट।

  • यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग-निजामुद्दीन होली स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया।

Chhattisgarh / Raipur :

Raipur/ होली का पर्व नजदीक आते ही लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से देश के प्रमुख शहरों की ओर जाने वाली कई ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल होता जा रहा है। खासतौर पर उत्तर भारत और पूर्वी भारत के रूट पर भारी दबाव देखा जा रहा है। स्थिति यह है कि कई प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग लंबी हो चुकी है, जबकि कुछ रूटों पर फिलहाल राहत बनी हुई है।

होली से पहले घर पहुंचने की होड़ में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। रेलवे के ऑनलाइन रिजर्वेशन सिस्टम के अनुसार रायपुर से पटना जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक वेटिंग दर्ज की गई है। इसके अलावा गुजरात और हावड़ा रूट की ट्रेनों में भी टिकटों की उपलब्धता तेजी से घट रही है। आने वाले दिनों में इन रूटों पर वेटिंग और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जयपुर और मथुरा जाने वाले यात्रियों की संख्या भी होली के कारण काफी बढ़ गई है। इसका सीधा असर दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस पर पड़ा है। इस ट्रेन में स्लीपर क्लास की वेटिंग 50 तक और थर्ड एसी की वेटिंग 30 तक पहुंच चुकी है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहार नजदीक आते ही यह आंकड़ा और ऊपर जा सकता है।

हालांकि कुछ रूटों पर फिलहाल यात्रियों को राहत मिली हुई है। रायपुर से दिल्ली, भोपाल, हैदराबाद और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में अभी पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं। इन रूटों पर 200 से अधिक सीटें खाली बताई जा रही हैं और फिलहाल वेटिंग की स्थिति नहीं बनी है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यदि इन रूटों पर भी दबाव बढ़ता है तो होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दुर्ग-निजामुद्दीन के बीच होली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन (08751/08752) चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी। इसमें जनरल, स्लीपर और एसी कोच समेत कुल 20 कोच होंगे, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने की उम्मीद है।

हावड़ा रूट की ट्रेनों में भी स्थिति लगातार बिगड़ रही है। शालीमार एक्सप्रेस, आजाद हिंद एक्सप्रेस और पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस में वेटिंग तेजी से बढ़ रही है। वहीं बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में भी 80 तक वेटिंग पहुंच चुकी है। रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील कर रहा है कि वे समय रहते टिकट बुक कराएं और यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।